Breaking News

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के एक संदिग्ध को कोटा से हिरासत में लिया गया     |   हैदराबाद के पास सड़क हादसा, खड़ी लॉरी से टकराई RTC बस, 15 घायल     |   कनाडाई सैन्य अड्डे पर घास में लगी आग, 4 लोगों की मौत     |   तेल अवीव-वियना फ्लाइट को मिली बम से उड़ाने की धमकी, बुल्गारिया में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग     |   भारत छोड़ने के नोटिस को इमरान खान ने दी चुनौती, बॉम्बे हाई कोर्ट में सुनवाई आज     |  

फ्रांस: पुलिस व्यवस्था की खामियां उजागर होने के बीच मैक्रों ने गृह मंत्री का इस्तीफा ठुकराया

पेरिस, 19 अक्टूबर (एपी) फ्रांस के गृह मंत्री ने सप्ताहांत में कई बड़े शहरों में हुए दंगों और लूटपाट की घटनाओं के बाद इस्तीफे की पेशकश की लेकिन राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने उनसे आपात स्थिति में पुलिस की जरूरतों को पूरा करने के लिए पद पर बने रहने को कहा। राष्ट्रपति कार्यालय ने सोमवार को यह जानकारी दी।

एक बयान में मैक्रों ने कहा कि मौजूदा हालात में कानून प्रवर्तन एजेंसियों का नेतृत्व जारी रखना जरूरी है इसलिए उन्होंने लॉरेंट नुनेज का इस्तीफा स्वीकार नहीं किया।

राष्ट्रपति कार्यालय के अनुसार, मैक्रों ने नुनेज को हिंसा की वजह बने कारणों को तलाशने और खुफिया जानकारी जुटाने में हुई खामियों की पूरी पारदर्शिता के साथ जांच सुनिश्चित करने के लिए सभी जरूरी कदम उठाने का निर्देश दिया।

मैक्रों ने हिंसक घटनाओं को रोकने के लिए जल्द से जल्द ‘‘जमीनी स्तर पर पुलिस की नयी रणनीतियां’’ लागू करने को भी कहा।

रविवार शाम पेरिस, लियोन, मार्सेई और अन्य शहरों में लोगों ने सड़कों पर कूड़ेदानों, साइकिलों और अन्य वस्तुओं में आग लगा दी तथा दुकानों में लूटपाट की।

इससे एक दिन पहले, शनिवार को महंगाई और विद्यालयों में खराब हालात के खिलाफ देशव्यापी प्रदर्शनों के दौरान बड़े पैमाने पर हिंसा हुई थी।

देशभर में कम से कम 2,400 लोगों को गिरफ्तार किया गया।

नुनेज ने सोमवार को फ्रांस इंटर रेडियो से बातचीत में कहा, ‘‘मैंने इस्तीफे की पेशकश की क्योंकि जो कुछ हो रहा है, उसकी जिम्मेदारी मेरी है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘अब असली मुद्दा यह सुनिश्चित करना है कि ऐसा दोबारा न हो। ... हमें निश्चित रूप से यह बेहतर ढंग से समझने की जरूरत है कि इस तरह के विरोध-प्रदर्शन किस रूप में फैल सकते हैं और उनका पहले से अनुमान कैसे लगाया जाए।’’

एपी जितेंद्र प्रशांत

प्रशांत