Breaking News

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के एक संदिग्ध को कोटा से हिरासत में लिया गया     |   हैदराबाद के पास सड़क हादसा, खड़ी लॉरी से टकराई RTC बस, 15 घायल     |   कनाडाई सैन्य अड्डे पर घास में लगी आग, 4 लोगों की मौत     |   तेल अवीव-वियना फ्लाइट को मिली बम से उड़ाने की धमकी, बुल्गारिया में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग     |   भारत छोड़ने के नोटिस को इमरान खान ने दी चुनौती, बॉम्बे हाई कोर्ट में सुनवाई आज     |  

देहरादून में हीरो के शोरूम से स्कूटर ठगकर ले जाने वाला व्यक्ति गिरफ्तार

देहरादून, 19 अक्टूबर (भाषा) उत्तराखंड के देहरादून जिले के डोईवाला क्षेत्र में दुपहिया वाहन कंपनी ‘हीरो मोटोकॉर्प’ के शोरूम से नया स्कूटर ठगकर ले जाने वाले व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी कुलजीत सिंह सेठी नशे और जुए की लत का शिकार है, जिसके चलते उसने स्कूटर की ठगी की।

उसने बताया कि आरोपी पहले भी ठगी और धोखाधड़ी की घटनाओं को अंजाम दे चुका है तथा उसके खिलाफ देहरादून में चार मुकदमे दर्ज हैं, जिनके लिए वह जेल भी जा चुका है।

पुलिस के मुताबिक, सेठी को हीरो शोरूम के मालिक राहुल अग्रवाल की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया गया।

उसने बताया कि अग्रवाल ने डोईवाला पुलिस थाने में 17 अक्टूबर को दी तहरीर में आरोप लगाया कि सेठी ने उनके शोरूम में आकर नया हीरो डेस्टिनी स्कूटर खरीदने के लिए फोन में फर्जी भुगतान का विवरण दिखाया और वाहन अपने साथ ले गया।

पुलिस के अनुसार, तहरीर के आधार पर सेठी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा-318(4)/316(2) (धोखाधड़ी और आपराधिक विश्वासघात) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

उसने बताया कि जांच के दौरान ठगी की घटनाओं में पूर्व में जेल गए आरोपियों के विवरण के साथ-साथ घटनास्थल और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज भी खंगाले गए, जिसके आधार पर सेठी की पहचान आरोपी के रूप में हुई।

पुलिस ने बताया कि रविवार को कुआंवाला में रिवर वैली के पास पुलिस जांच के दौरान सेठी को गिरफ्तार कर लिया गया। उसने बताया कि सेठी के कब्जे से ठगा गया स्कूटर और उससे संबंधित दस्तावेज भी बरामद कर लिए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि नशे और जुए की लत के कारण उसने अपना मकान बेच दिया है और फिलहाल मोती बाजार में अपने चाचा के साथ रहता है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बताया कि अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए वह लोगों को बातों में फंसाकर उनके साथ ठगी करता है।

पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ देहरादून जिले के विभिन्न थानों में ठगी, धोखाधड़ी, धमकी देने और अन्य आपराधिक घटनाओं के सिलसिले में चार मुकदमे दर्ज हैं।

भाषा

दीप्ति पारुल

पारुल