Breaking News

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के एक संदिग्ध को कोटा से हिरासत में लिया गया     |   हैदराबाद के पास सड़क हादसा, खड़ी लॉरी से टकराई RTC बस, 15 घायल     |   कनाडाई सैन्य अड्डे पर घास में लगी आग, 4 लोगों की मौत     |   तेल अवीव-वियना फ्लाइट को मिली बम से उड़ाने की धमकी, बुल्गारिया में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग     |   भारत छोड़ने के नोटिस को इमरान खान ने दी चुनौती, बॉम्बे हाई कोर्ट में सुनवाई आज     |  

अंडर-23 विश्व कुश्ती चैंपियनशिप: रोहित, जसकरण और चंद्रमोहन ने कांस्य पदक जीते

लास वेगास, 19 अक्टूबर (भाषा) रोहित, जसकरण सिंह और चंद्रमोहन ने अंडर-23 विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में अपने-अपने भार वर्गों में कांस्य पदक जीते जिससे भारत ने प्रतियोगिता का समापन छह पदकों के साथ किया।

रोहित ने 57 किग्रा रेपेशाज दौर में मोल्दोवा के इयोन बुलगारू को तकनीकी श्रेष्ठता के आधार पर 12-2 से हराया। इसके बाद उन्होंने कांस्य पदक के मुकाबले में आर्मेनिया के आर्मन हारुत्युनयान को 8-3 से शिकस्त दी।

रोहित ने इससे पहले जमैका के इरी अलेक्जेंडर जैक्सन को तकनीकी श्रेष्ठता के आधार पर हराकर अपने अभियान की शुरुआत की थी। हालांकि, उन्हें प्री-क्वार्टर फाइनल में तुर्किये के बेकीर केसेर के खिलाफ 6-10 से हार का सामना करना पड़ा।

सेमीफाइनल में हारने वाले जसकरण (65 किग्रा) ने बेलारूस के मागोमेदखान मागोमेदखानोव को 8-5 से हराकर भारत की पदक संख्या में इजाफा किया।

चंद्रमोहन (79 किग्रा) ने भी कांस्य पदक के मुकाबले में तुर्किये के इब्राहिम मेतेहान यापराक को 5-2 से हराकर पदक अपने नाम किया।

शिवम (97 किग्रा) को रेपेशाज मुकाबले में यूनान के पहलवान निकोलाओस कारावानोस के खिलाफ 3-6 से हार मिली जिससे वह पदक जीतने से चूक गए।

इससे पहले ग्रीको रोमन के 55 किग्रा वर्ग में विश्वजीत मोरे और महिलाओं के 72 किग्रा वर्ग में अमृता पुजारा ने रजत पदक जीते थे जबकि महिलाओं के 59 किग्रा वर्ग में कोमल ने कांस्य पदक हासिल किया था।

भाषा नमिता पंत

पंत