श्रीनगर, 19 अक्टूबर (भाषा) पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर प्रसार भारती जम्मू-कश्मीर के लिए समर्पित निधि और संस्कृति मंत्रालय के तहत विशेष योजनाओं की मांग की है ताकि केंद्र शासित प्रदेश के रचनात्मक क्षेत्र से जुड़े लोगों को वित्तीय सहायता मिल सके।
इस महीने की शुरुआत में शाह को लिखे पत्र में महबूबा ने कहा कि कलाकार, संगीतकार, लेखक, रंगकर्मी और फिल्म निर्माता हमारी विरासत के संरक्षक और जम्मू-कश्मीर के महत्वपूर्ण सांस्कृतिक राजदूत हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘अपनी कला के माध्यम से वे हमारी समृद्ध सभ्यतागत पहचान की रक्षा करते हैं, राष्ट्रीय एकीकरण को बढ़ावा देते हैं और जम्मू-कश्मीर को बाकी भारत से जोड़ने के माध्यम के रूप में काम करते हैं। इस महत्वपूर्ण भूमिका को बनाए रखने के लिए उन्हें सार्थक संस्थागत सहयोग और निरंतर संरक्षण की आवश्यकता है।’’
महबूबा ने जम्मू-कश्मीर के कलाकारों की स्थिति में सुधार के लिए शाह के हस्तक्षेप की मांग करते हुए प्रसारकों के लिए समर्पित निधि आवंटित करने का अनुरोध किया।
उन्होंने केंद्र शासित प्रदेश में दूरदर्शन और आकाशवाणी केंद्रों, विशेष रूप से ‘डीडी कश्मीर’ पर स्थानीय कार्यक्रमों व सामग्री के निर्माण के लिए पर्याप्त और विशिष्ट निधि आवंटित करने का आग्रह किया।
उन्होंने संस्कृति मंत्रालय और अन्य संबद्ध संस्थानों जैसे केंद्रीय सांस्कृतिक निकायों द्वारा जम्मू-कश्मीर के कलाकारों के लिए लक्षित पहलों और विशेष वित्तीय सहायता योजनाओं की भी मांग की।
भाषा खारी अविनाश संतोष
संतोष