नयी दिल्ली, 19 अक्टूबर (भाषा) स्टेनलेस स्टील बनाने वाली कंपनी मंगलम वर्ल्डवाइड लिमिटेड का चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में शुद्ध लाभ 30.9 प्रतिशत बढ़कर 13.82 करोड़ रुपये रहा है।
कंपनी ने पिछले वित्त वर्ष की जुलाई-सितंबर तिमाही 10.55 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था।
मंगलम वर्ल्डवाइड ने सोमवार को बयान में कहा कि दूसरी तिमाही में उसकी कुल आय बढ़कर 361 करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 319 करोड़ रुपये थी।
कंपनी ने कहा कि 30 से अधिक देशों में मौजूदगी के कारण निर्यात उसके कारोबार की वृद्धि में योगदान देता रहा। चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में उसका निर्यात राजस्व 63.86 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही के मुकाबले 3.55 गुना है।
कंपनी ने कहा कि उसका ध्यान अंतरराष्ट्रीय ग्राहकों का दायरा बढ़ाने और प्रमुख बाजारों में अपनी मौजूदगी मजबूत करने पर बना हुआ है।
कंपनी के प्रबंध निदेशक चंद्रगुप्त प्रकाश मंगल ने कहा, ‘‘चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही के नतीजे परिचालन दक्षता, कारोबार में वृद्धि और स्टेनलेस स्टील उद्योग में अपनी स्थिति मजबूत करने पर हमारे निरंतर ध्यान को दर्शाते हैं।’’
भाषा योगेश अजय
अजय