Breaking News

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के एक संदिग्ध को कोटा से हिरासत में लिया गया     |   हैदराबाद के पास सड़क हादसा, खड़ी लॉरी से टकराई RTC बस, 15 घायल     |   कनाडाई सैन्य अड्डे पर घास में लगी आग, 4 लोगों की मौत     |   तेल अवीव-वियना फ्लाइट को मिली बम से उड़ाने की धमकी, बुल्गारिया में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग     |   भारत छोड़ने के नोटिस को इमरान खान ने दी चुनौती, बॉम्बे हाई कोर्ट में सुनवाई आज     |  

टाइगर श्रॉफ गोलीबारी: राउत ने कानून-व्यवस्था को लेकर फडणवीस सरकार पर साधा निशाना

मुंबई, 19 अक्टूबर (भाषा) शिवसेना (उबाठा) के नेता संजय राउत ने महाराष्ट्र में गोलीबारी, हत्या, जबरन वसूली और अपहरण की घटनाओं में कथित वृद्धि को लेकर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर सोमवार को निशाना साधा और विपक्ष के ‘‘सत्ता परिवर्तन’’ के नारे को दोहराया।

राउत की यह टिप्पणी ऐसे वक्त आई है जब एक दिन पहले दो लोगों ने अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर गोलीबारी की थी। इस घटना में श्रॉफ बाल-बाल बच गए, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए।

राउत ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘महाराष्ट्र में हर दिन लोगों की हत्या हो रही है। हम इन घटनाओं को लेकर सरकार से सवाल कर रहे हैं और इसी वजह से सत्ता परिवर्तन की मांग कर रहे हैं। मौजूदा हालात पर सवालों का जवाब देने के बजाय मुख्यमंत्री हमसे 35, 40 या 50 साल पहले हुई हत्याओं के बारे में बात करने को कहते हैं। उन्हें राज्य में आज जो हो रहा है, उसका जवाब देना चाहिए।’’

उन्होंने कहा कि बाबा सिद्दीकी की हत्या कर दी गई, बार-बार गोलीबारी की घटनाएं हो रही हैं और उद्योगपतियों का अपहरण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य के गृह मंत्री होने के नाते फडणवीस को महाराष्ट्र की कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी लेनी चाहिए।

टाइगर श्रॉफ पर गोलीबारी और शिवसेना के एक कार्यकर्ता की हत्या का जिक्र करते हुए राउत ने सवाल किया कि सरकार ने इन घटनाओं पर क्या कार्रवाई की है।

राज्यसभा सदस्य ने कहा, ‘‘राज्य के गृह विभाग का इस्तेमाल राजनीतिक विरोधियों को निशाना बनाने और उन्हें जेल में डालने के लिए किया जा रहा है, जबकि आपराधिक गिरोहों को खुली छूट मिली हुई है। सत्ता परिवर्तन की हमारी मांग जारी है। यह स्थिति जारी नहीं रह सकती। मौजूदा सरकार को हटाया जाना चाहिए।’’

राउत ने कहा कि मौजूदा सरकार ‘‘जनता की सरकार नहीं, बल्कि (मुख्य निर्वाचन आयुक्त) ज्ञानेश कुमार पर निर्भर सरकार’’ है।

उन्होंने कहा, ‘‘ हमारी लड़ाई इस माफिया व्यवस्था के खिलाफ है। महाराष्ट्र में स्थिति इस हद तक बिगड़ गई है कि लोग घरों से बाहर निकलने से डर रहे हैं, क्योंकि किसी को नहीं पता कि गोलीबारी कब और कहां हो जाए। सरकार को इस नाकामी का जवाब देना चाहिए।’’

राउत ने संगठित अपराध से निपटने में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की भूमिका पर भी सवाल उठाए।

उन्होंने कहा कि फडणवीस मौजूदा कानून-व्यवस्था की स्थिति पर सवालों से बचने के लिए मनसुख हिरेन की हत्या जैसी पुरानी घटनाओं का जिक्र कर रहे हैं।

राउत ने गोलीबारी की घटना के बाद टाइगर श्रॉफ से मिलने पर उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की आलोचना भी की। उन्होंने कहा कि शिंदे ने शिवसेना (उबाठा) के कार्यकर्ता प्रदीप पूर्णेकर के परिवार से मुलाकात नहीं की, जिनकी पिछले महीने ठाणे में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

भाषा शोभना नेत्रपाल

नेत्रपाल