टोरंटो, 19 अक्टूबर (भाषा) कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया में नगरपालिका चुनाव के नतीजे घोषित होने के बाद दो भारतीय-कनाडाई नेता मेयर चुने गए हैं।
ब्रिटिश कोलंबिया के निवासियों ने शनिवार को नगरपालिका चुनाव में मतदान किया था।
वैंकूवर, कल्टस लेक और आइलैंड्स ट्रस्ट में मेयर, नगरपालिका पार्षदों, क्षेत्रीय जिला निदेशकों, स्कूल बोर्ड न्यासी और उद्यान बोर्ड के लिए स्थानीय निकाय चुनाव हुए थे।
भारत में जन्मे हर्षन रामदास ने अपने प्रतिद्वंद्वी एवं मौजूदा पार्षद काइल हैमिल्टन को हराकर फर्नी का मेयर पद पर अपने नाम कर लिया।
समाचार पोर्टल ‘माई ईस्ट कूटेने नाउ’ की खबर में रामदास के हवाले से कहा गया, ‘‘हमने कर दिखाया, फर्नी। आज रात आपने एक स्पष्ट संदेश दिया है कि हमारा समुदाय आगे बढ़ने के लिए तैयार है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘आपने एक ऐसे भविष्य को चुना है जो सहयोग, जवाबदेही और फर्नी के हितों को सबसे ऊपर रखेगा।’’
रामदास को 1,524 वोट मिले जो कुल मतों का 54.5 प्रतिशत है, जबकि हैमिल्टन को 1,194 वोट मिले।
उन्होंने कहा कि वह आभारी हैं कि समुदाय ने उन्हें यह अवसर दिया है।
उन्होंने कहा, ‘‘आपका मेयर चुना जाना मेरे लिए बड़े सम्मान की बात है। मैं हमारी नयी परिषद और पूरे समुदाय के साथ मिलकर काम करने के लिए उत्सुक हूं, ताकि इस दृष्टि को हकीकत में बदला जा सके।’’
विलियम्स लेक में, भारतीय मूल के सुरिंदरपाल राठौर को फिर से मेयर चुना गया है।
राठौर को दूसरे कार्यकाल के लिए चुना गया है। उन्हें 2,116 वोट मिले और उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी वॉल्ट कॉब को 1,000 से अधिक मतों के अंतर से हराया।
भाषा सुभाष खारी
खारी