नयी दिल्ली, 19 अक्टूबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्वोत्तर राज्यों के कार्यकर्ताओं ने जेएनयू में यौन उत्पीड़न के आरोपों को लेकर कांग्रेस सांसद अंगोमचा विमल अकोइजम को पार्टी से निकाले जाने की मांग करते हुए सोमवार को दिल्ली में प्रदर्शन किया और कांग्रेस मुख्यालय की ओर मार्च किया।
भाजपा दिल्ली इकाई की महासचिव योगिता सिंह के नेतृत्व में प्रदर्शनकारी दीन दयाल उपाध्याय मार्ग पर आंध्र स्कूल के पास एकत्र हुए। दिल्ली भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के अध्यक्ष सी. एल. मीणा भी प्रदर्शन में मौजूद थे।
प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए सिंह ने अकोइजम के खिलाफ कथित तौर पर कार्रवाई नहीं करने को लेकर कांग्रेस पर सवाल उठाए और दावा किया कि जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) की एक आंतरिक समिति ने प्रोफेसर को कदाचार का दोषी पाया था।
सिंह ने आरोपों पर कार्रवाई करने में विफल रहने के लिए कांग्रेस की आलोचना करते हुए कहा, ‘‘कांग्रेस को सांसद को पार्टी से निष्कासित कर देना चाहिए।’’
इनर मणिपुर सीट से कांग्रेस सांसद अकोइजम, जेएनयू के सामाजिक विज्ञान स्कूल के तहत सामाजिक प्रणाली केंद्र में प्रोफेसर थे। विश्वविद्यालय ने उन्हें नौ अक्टूबर को बर्खास्त कर दिया था।
सिंह ने यह सवाल भी उठाया कि क्या कांग्रेस शैक्षणिक अंक देने के बदले कथित तौर पर यौन संबंधों की मांग का समर्थन करती है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आचरण को बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।
शिकायतकर्ताओं का जिक्र करते हुए भाजपा नेता ने कहा कि यौन उत्पीड़न की शिकायत लेकर अधिकारियों के पास जाना आसान नहीं होता। उन्होंने दावा किया कि 11 छात्राओं ने सामने आकर यह मुद्दा उठाया था।
सिंह ने कहा कि इन आरोपों से महिलाओं की गरिमा और सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठते हैं और इस मामले में जवाबदेही तय होनी चाहिए। उन्होंने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाद्रा सहित कांग्रेस नेताओं से इस मुद्दे पर अपना रुख स्पष्ट करने की अपील की।
भाषा आशीष प्रशांत
प्रशांत