नयी दिल्ली, 19 अक्टूबर (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दक्षिण पश्चिम दिल्ली के गोयला डेयरी में 16 करोड़ रुपये की लागत से बने बायोगैस संयंत्र का सोमवार को उद्घाटन किया।
उन्होंने कहा कि यहां प्रतिदिन 200 मीट्रिक टन गोबर से स्वच्छ ईंधन और जैविक खाद तैयार होगी जिससे गोबर को यमुना में जाने से रोकने में मदद मिलेगी और पशुपालकों की आय भी बढ़ेगी।
गुप्ता ने ‘एक्स’ पर कहा कि पिछली सरकार ने वर्षों तक दिल्ली में एक भी बायोगैस संयंत्र नहीं लगाया जिससे हजारों टन गोबर यमुना में गया, लेकिन उनकी सरकार ने डेढ़ साल में तीन संयंत्र शुरू किए हैं और छह अन्य संयंत्र स्थापित करने की दिशा में काम कर रही है।
गुप्ता ने कहा कि यह परियोजना, केंद्र सरकार की ‘स्वच्छ यमुना पहल’ के तहत महत्वपूर्ण है और इस पहल के अंतर्गत केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हाल में डेयरी से निकलने वाले 1,500 टन अपशिष्ट के निपटान का लक्ष्य रखा है।
उन्होंने बताया कि केंद्रीय आवास और शहरी कार्य मंत्रालय के 'शहरी विकास कोष' के तहत इस संयंत्र को विकसित किया जा रहा है, ताकि पशुओं के गोबर और नगर निकाय के ठोस अपशिष्ट का निपटान कर उसे ईंधन और जैविक खाद में बदला जा सके।
शुरुआत में इस परियोजना को 17 सितंबर तक चालू होना था।
इस अवसर कैबिनेट मंत्री आशीष सूद व दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही समेत अन्य लोग मौजूद थे।
भाषा नोमान नोमान मनीषा
मनीषा