Breaking News

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के एक संदिग्ध को कोटा से हिरासत में लिया गया     |   हैदराबाद के पास सड़क हादसा, खड़ी लॉरी से टकराई RTC बस, 15 घायल     |   कनाडाई सैन्य अड्डे पर घास में लगी आग, 4 लोगों की मौत     |   तेल अवीव-वियना फ्लाइट को मिली बम से उड़ाने की धमकी, बुल्गारिया में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग     |   भारत छोड़ने के नोटिस को इमरान खान ने दी चुनौती, बॉम्बे हाई कोर्ट में सुनवाई आज     |  

गायिका नेहा सिंह राठौर के खिलाफ ‘मानहानिकारक’ खबर पर राष्ट्रीय महिला आयोग ने स्वत: संज्ञान लिया

नयी दिल्ली, 19 अक्टूबर (भाषा) राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) ने सोमवार को उन खबरों पर स्वत: संज्ञान लिया, जिनमें आरोप लगाया गया है कि एक समाचार चैनल ने गायिका नेहा सिंह राठौर को देह व्यापार गिरोह से जोड़कर मानहानिकारक सामग्री प्रसारित की।

खबरें हैं कि समाचार चैनल ने राठौर के लिए अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए एक रिपोर्ट प्रसारित की थी। गायिका का आरोप है कि चैनल ने उन्हें देह व्यापार में शामिल बताकर उनकी छवि खराब करने की कोशिश की।

आयोग ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि सार्वजनिक आलोचना के बाद समाचार चैनल ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि उसकी रिपोर्ट तथ्यात्मक रूप से गलत थी और उसने माफी भी मांग ली।

पोस्ट में कहा गया, ‘‘राष्ट्रीय महिला आयोग ने लोक गायिका नेहा सिंह राठौर को कथित देह व्यापार गिरोह से जोड़ने वाली खबर में कथित मानहानिकारक सामग्री प्रकाशित किए जाने संबंधी खबरों पर स्वत: संज्ञान लिया है।’’

पोस्ट के अनुसार, आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय से कहा है कि वह भारतीय प्रेस परिषद, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया निगरानी केंद्र, न्यूज ब्रॉडकास्टर्स एंड डिजिटल एसोसिएशन और डिजिटल पब्लिशर्स कंटेंट ग्रीवेंस काउंसिल जैसे मीडिया क्षेत्र के संबंधित नियामक, प्रशासनिक और स्व-नियामक निकायों को सूचना प्रौद्योगिकी (मध्यस्थ दिशानिर्देश और डिजिटल मीडिया आचार संहिता) नियम, 2021 के तहत तत्काल और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दे।

आयोग ने 15 दिन के भीतर कार्रवाई संबंधी रिपोर्ट भी मांगी है। साथ ही, महिलाओं के चरित्र हनन और उन्हें डिजिटल माध्यमों से प्रताड़ित करने से बचाने के लिए सुरक्षा उपाय किए जाने की मांग की है।

एनसीडब्ल्यू ने कहा, ‘‘मीडिया की स्वतंत्रता का इस्तेमाल जिम्मेदारी से किया जाना चाहिए और इस दौरान तथ्यों की सटीकता, महिलाओं की गरिमा, निजता और प्रतिष्ठा का उचित ध्यान रखा जाना चाहिए।’’

भाषा शोभना सुरेश

सुरेश