Breaking News

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के एक संदिग्ध को कोटा से हिरासत में लिया गया     |   हैदराबाद के पास सड़क हादसा, खड़ी लॉरी से टकराई RTC बस, 15 घायल     |   कनाडाई सैन्य अड्डे पर घास में लगी आग, 4 लोगों की मौत     |   तेल अवीव-वियना फ्लाइट को मिली बम से उड़ाने की धमकी, बुल्गारिया में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग     |   भारत छोड़ने के नोटिस को इमरान खान ने दी चुनौती, बॉम्बे हाई कोर्ट में सुनवाई आज     |  

केरलम: स्पा में नाबालिग से उत्पीड़न के मामले में आंध्र प्रदेश से हिरासत में लिए गए रिश्तेदार

तिरुवनंतपुरम, 19 अक्टूबर (भाषा) केरलम के कोवलम में एक स्पा में 16 वर्षीय लड़की के कथित यौन उत्पीड़न के मामले में उसकी मौसी समेत दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि मामले की जांच के लिए नौ सदस्यीय विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है। लड़की ने खुलासा किया था कि चेन्नई के एक स्पा में भी उसका यौन उत्पीड़न किया गया जिसके बाद एक और प्राथमिकी दर्ज की गई।

तिरुवनंतपुरम फोर्ट के सहायक पुलिस आयुक्त प्रदीप ने संवाददाता सम्मेलन में बताया कि लड़की की मौसी ने 21 सितंबर को उसके लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। मौसी ने ही लड़की को पाला-पोसा था।

उन्होंने कहा, ‘‘शिकायत में कहा गया था कि लड़की लापता है। 22 सितंबर को वह एक युवक के साथ मिली जो उसके साथ एक स्पा में काम करता था।’’

पुलिस को लड़की के फोन में दो आधार कार्ड मिले जिससे उसकी उम्र को लेकर विसंगतियां सामने आईं।

एक दस्तावेज में उसकी उम्र 20 साल बताई गई थी जबकि दूसरे में 16 साल दर्ज थी।

अधिकारी ने बताया कि अदालत ने शुरुआत में पहले दस्तावेज के आधार पर उसे बालिग मान लिया और जाने की अनुमति दे दी।

हालांकि, जांच अधिकारियों को संदेह हुआ कि वह नाबालिग है और उन्होंने आंध्र प्रदेश के उस स्कूल से संपर्क किया जहां वह पढ़ती थी।

प्रदीप ने कहा, ‘‘जब हमने स्कूल के रिकॉर्ड की जांच की तो पता चला कि लड़की 16 साल की है। उसकी उम्र की पुष्टि होने के बाद मामले का स्वरूप ही बदल गया।’’

लड़की को 23 सितंबर को पूजाप्पुरा स्थित बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के समक्ष पेश किया गया और अनुवादक की मदद से उसकी काउंसलिंग की गई।

काउंसलिंग के दौरान उसने बताया कि उसे जून के अंत या जुलाई की शुरुआत में कोल्लम इलाके के एक स्पा में लाया गया था और वह वहां लगभग दो महीने तक रही। अधिकारी ने बताया कि इसके बाद उसने एक और स्पा में करीब चार दिन बिताए।

जांच के आधार पर पुलिस ने दोनों स्पा के मालिकों को गिरफ्तार कर लिया। अधिकारी ने बताया कि अब वे न्यायिक हिरासत में हैं।

लड़की ने जांच अधिकारियों को यह भी बताया कि उसने चेन्नई के पास गुडुवनचेरी स्थित एक स्पा में काम किया था जहां कथित तौर पर उसके साथ इसी तरह का दुर्व्यवहार किया गया।

प्रदीप ने कहा, ‘‘लड़की से मिली जानकारी के आधार पर शून्य प्राथमिकी दर्ज की गई और आगे की जांच के लिए इसे चेन्नई के गुडुवनचेरी थाने को भेज दिया गया।’’

इसके बाद लड़की की मौसी और उसका पति लापता हो गए। पुलिस ने उनका पता लगाया और दोनों आंध्र प्रदेश के श्री सत्य साईं जिले के पलासमुद्रम में मिले।

उन्होंने बताया कि दोनों को गोरंटला थाना क्षेत्र के अंतर्गत उनके आवास से हिरासत में लिया गया।

प्रदीप ने कहा कि पुलिस जरूरी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी कर रही है और जांच के तहत लड़की से उनकी पहचान भी कराएगी।

अधिकारी ने बताया कि लड़की ने करीब दो साल की उम्र में अपने माता-पिता दोनों को खो दिया था और तब से उसकी मौसी ने उसका पालन-पोषण किया था।

उन्होंने कहा, ‘‘आगे की जानकारी जांच के दौरान ही सामने आएगी। चूंकि जांच अभी शुरुआती चरण में है इसलिए अभी और जानकारी देना मुश्किल है।’’

प्रदीप ने बताया कि विशेष जांच दल (एसआईटी) में अपराध शाखा और मादक पदार्थ प्रकोष्ठ के अधिकारियों समेत नौ पुलिसकर्मी शामिल हैं। कोल्लम के क्षेत्र निरीक्षक को जांच अधिकारी बनाया गया है।

इस बीच, केरल राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने कोवलम के एक स्पा में 16 वर्षीय लड़की के कथित यौन उत्पीड़न के मामले में मुकदमा दर्ज किया है।

अधिकारियों ने बताया कि आयोग के सदस्य डॉ. एफ. विल्सन ने मीडिया में आई खबरों के आधार पर कार्रवाई शुरू की है।

आयोग ने जिला पुलिस प्रमुख, तिरुवनंतपुरम नगर निगम के सचिव और जिला बाल संरक्षण अधिकारी से रिपोर्ट मांगी है।

भाषा सुरभि वैभव

वैभव