(फाइल फोटो के साथ)
कोलकाता, 19 अक्टूबर (भाषा) मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने कोलकाता नगर निगम (केएमसी) और पुलिस पर दुर्गा पूजा के दौरान यादवपुर में उसके अस्थायी बुकस्टॉल को हटाने की कोशिश करने का आरोप लगाते हुए कलकत्ता उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया है।
पार्टी के वकील शमीम अहमद ने सोमवार को बताया कि याचिका की तत्काल सुनवाई के अनुरोध के साथ 22 अक्टूबर को अदालत की अवकाशकालीन पीठ के समक्ष मामले का विशेष उल्लेख किया जाएगा।
अहमद ने बताया कि याचिका में केएमसी और पुलिस को बुकस्टॉल हटाने की कार्रवाई करने से रोकने का निर्देश देने का अनुरोध किया गया है।
माकपा ने आरोप लगाया कि अनुमति के मुद्दे पर शनिवार को इस अस्थायी बुकस्टॉल को निशाना बनाया गया। पार्टी ने दावा किया कि इसे स्थापित करने के उनके आवेदन पर संबंधित अधिकारियों द्वारा विचार नहीं किया गया था।
पार्टी ने कहा कि वह और अन्य वामदल दशकों से पश्चिम बंगाल में कई जगहों पर दुर्गा पूजा पंडालों के पास बुकस्टॉल लगाते रहे हैं।
भाषा राजकुमार सुरेश
सुरेश