Breaking News

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के एक संदिग्ध को कोटा से हिरासत में लिया गया     |   हैदराबाद के पास सड़क हादसा, खड़ी लॉरी से टकराई RTC बस, 15 घायल     |   कनाडाई सैन्य अड्डे पर घास में लगी आग, 4 लोगों की मौत     |   तेल अवीव-वियना फ्लाइट को मिली बम से उड़ाने की धमकी, बुल्गारिया में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग     |   भारत छोड़ने के नोटिस को इमरान खान ने दी चुनौती, बॉम्बे हाई कोर्ट में सुनवाई आज     |  

टाइगर श्रॉफ पर गोलीबारी के मामले में तीन संदिग्ध कोटा में पकड़े गए: पुलिस

जयपुर, 19 अक्टूबर (भाषा) राजस्थान पुलिस ने अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर गोलीबारी में कथित तौर पर शामिल तीन संदिग्धों को सोमवार सुबह कोटा में पकड़ा। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इनमें से एक नाबालिग है।

इन तीनों को कोटा में पुणे-जयपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन से हिरासत में लिया गया। मुंबई पुलिस से मिली सूचना के बाद कोटा शहर की पुलिस ने रेलवे स्टेशन पर एक त्वरित ऑपरेशन में लगभग 15 मिनट में ही तीनों संदिग्धों को पकड़ लिया।

कोटा की जिला पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम ने संवाददाताओं को बताया कि पकड़े गए संदिग्धों में रेहान हरियाणा के सोनीपत का रहने वाला है। ऋतिक उर्फ रोशन मूल रूप से बेगू सराय का है लेकिन कुछ साल से मुंबई रह रहा है। एक अन्य नाबालिग है।

उन्होंने बताया कि संदिग्धों के कब्जे से कोई हथियार नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि तीनों आरोपियों को मुंबई पुलिस की टीम को सौंप दिया जाएगा जो कोटा आ रही है।

शुरुआती पूछताछ के अनुसार, ये तीनों आरोपी कल शाम वारदात के बाद इस ट्रेन में बैठ गए। इनकी योजना जयपुर से बस पकड़कर दिल्ली जाने और वहां से नेपाल भागने की थी। उन्होंने कहा कि आरोपी रेहान, लारेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े अनिल पंडित के संपर्क में था।

पुलिस ने बताया कि आरोपी पुणे-जयपुर ट्रेन से यात्रा कर रहे थे जो सुबह 10:17 बजे कोटा रेलवे स्टेशन पहुंची।

मुंबई पुलिस ने कोटा शहर की जिला पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम को सूचना दी। उन्होंने तुरंत जिला विशेष टीम को अलर्ट कर दिया। उन्होंने कई टीमें बनाईं और ट्रेन की सघन तलाशी ली जिसके दौरान तीनों आरोपियों को जनरल कोच से पकड़ लिया गया।

इस ऑपरेशन में एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवानों ने भी मदद की। आरोपियों को जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय लाया गया जहां उनसे शुरुआती पूछताछ की गई।

उन्होंने कहा, 'मुंबई पुलिस की एक टीम कोटा पहुंच गई है और संदिग्धों को उन्हें सौंप दिया जा रहा है।' फिलहाल संदिग्ध हिरासत में हैं और मुंबई पुलिस अपनी 'कस्टडी' में लिए जाने के बाद उन्हें औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लेगी।

गौतम ने कहा कि वह संदिग्धों को पकड़ने के अभियान में शामिल पुलिसकर्मियों को इनाम देने की सिफारिश करेंगी।

उल्लेखनीय है रविवार शाम मुंबई के जुहू इलाके में अज्ञात हमलावरों ने टाइगर श्रॉफ की कार पर गोलीबारी की थी। इस घटना में अभिनेता सुरक्षित बच गए, जबकि उनका चालक और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गए।

सोशल मीडिया में वायरल हुए एक पोस्ट में लॉरेंस बिश्नोई गिरोह ने हमले की जिम्मेदारी ली है, लेकिन पुलिस ने अभी तक पोस्ट की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं की है।

भाषा पृथ्वी मनीषा

मनीषा