पटना, 19 अक्टूबर (भाषा) बिहार के पटना जिले में रविवार रात अज्ञात हमलावरों ने प्राथमिक कृषि साख समिति (पैक्स) के अध्यक्ष की गोली मारकर हत्या कर दी, जबकि हमले में प्रखंड प्रमुख के पति गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
दानापुर-2 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) अमरेंद्र कुमार झा ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि घटना रविवार रात करीब साढ़े नौ बजे की है। मनेर के पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार बेयर गांव स्थित अपने घर के बाहर मनेर की प्रखंड प्रमुख के पति पिंटू कुमार के साथ बैठे हुए थे, तभी मोटरसाइकिल सवार हमलावर वहां पहुंचे और अंधाधुंध गोलीबारी करने के बाद फरार हो गए।
उन्होंने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को नजदीकी अस्पताल ले गई, जहां संजीत कुमार ने दम तोड़ दिया। पिंटू कुमार का इलाज जारी है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘प्रथम दृष्टया घटना के पीछे व्यक्तिगत रंजिश का मामला प्रतीत होता है। मामले की आगे जांच की जा रही है।’’
पैक्स ग्रामीण स्तर की सहकारी ऋण संस्थाएं हैं, जो भारत की अल्पकालिक सहकारी ऋण व्यवस्था की बुनियाद मानी जाती हैं।
भाषा कैलाश
प्रशांत
प्रशांत