Breaking News

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के एक संदिग्ध को कोटा से हिरासत में लिया गया     |   हैदराबाद के पास सड़क हादसा, खड़ी लॉरी से टकराई RTC बस, 15 घायल     |   कनाडाई सैन्य अड्डे पर घास में लगी आग, 4 लोगों की मौत     |   तेल अवीव-वियना फ्लाइट को मिली बम से उड़ाने की धमकी, बुल्गारिया में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग     |   भारत छोड़ने के नोटिस को इमरान खान ने दी चुनौती, बॉम्बे हाई कोर्ट में सुनवाई आज     |  

कैफे मालिक की मौत की जांच के बीच डीसीपी, एसीपी और थाना प्रभारी का तबादला, आरोपी मॉडल अब भी फरार

लखनऊ, 19 अक्टूबर (भाषा) लखनऊ में कैफे मालिक की संदिग्ध मौत के मामले की जांच के बीच संबंधित क्षेत्र के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी), सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) और थाना प्रभारी का तबादला कर दिया गया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

हालांकि इस मामले में आरोपी 10वें दिन भी फरार हैं।

कैफे मालिक शिवा शर्मा (28) नौ अक्टूबर को हजरतगंज के बालू अड्डा क्षेत्र स्थित एक अपार्टमेंट की बालकनी से कथित तौर पर गिर गए थे। मामले की जांच संदिग्ध हत्या के तौर पर की जा रही है। शिवा शर्मा की कथित लिव-इन पार्टनर और फैशन मॉडल श्रद्धा दुबे (31), उसकी बहन रश्मि दुबे तथा अन्य लोग मामले में आरोपी हैं।

अधिकारियों के अनुसार, हजरतगंज के थाना प्रभारी विक्रम सिंह का तबादला पुलिस लाइन में कर दिया गया है, जबकि सहायक पुलिस आयुक्त रजनीश वर्मा को अपराध शाखा में भेजा गया है। पुलिस उपायुक्त (मध्य) विक्रांत वीर को उत्तर प्रदेश पुलिस मुख्यालय से संबद्ध कर दिया गया है।

तबादलों का आधिकारिक कारण नहीं बताया गया है। हालांकि, सूत्रों ने सोमवार को कहा कि इन प्रशासनिक बदलावों का संबंध इस हाई प्रोफाइल मामले और पुलिस की जांच से है।

शर्मा की कथित लिव-इन पार्टनर श्रद्धा दुबे घटना के बाद से फरार है। लखनऊ पुलिस ने श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे और एक अन्य आरोपी तनवीर अली उर्फ दानिश की गिरफ्तारी में मदद करने वाली सूचना देने पर प्रत्येक के लिए 25 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की है।

रविवार को श्रद्धा से एक साक्षात्कार का वीडियो सामने आने के बाद मामले ने फिर ध्यान खींचा। पुलिस अब तक आधिकारिक तौर पर उसका पता नहीं लगा सकी है।

सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में श्रद्धा ने शर्मा की मौत में अपनी किसी भी भूमिका से इनकार किया है। उसने दावा किया कि शर्मा ने आर्थिक तंगी के कारण आत्महत्या की थी। उसके अनुसार, शर्मा पर 15 से 20 लाख रुपये का कर्ज था और उन्होंने कहा था कि अगर वह पैसे नहीं चुका पाए, तो अपनी जान दे देंगे।

घटना से पहले की परिस्थितियों के बारे में श्रद्धा ने दावा किया कि नौ अक्टूबर को शर्मा उसके घर के बाथरूम में गए और दरवाजा बंद कर लिया। उसने कहा कि उसने अपनी बहन से शर्मा को देखने के लिए कहा, लेकिन दरवाजा खुलने से पहले ही शर्मा बालकनी से कूद गए।

श्रद्धा ने दावा किया कि सीसीटीवी फुटेज से घटना की सच्चाई सामने आ जाएगी। उसने शर्मा को प्रताड़ित करने या उनके साथ मारपीट करने के आरोपों को भी खारिज किया। उसने यह भी दावा किया कि उसने शर्मा का फोन पुलिस को सौंप दिया है, जिससे कर्ज देने वालों के साथ उनकी बातचीत का पता लगाने में मदद मिल सकती है।

श्रद्धा ने वीडियो में कहा, ''मैं भाग नहीं रही हूं। मैं पुलिस के सामने पेश होकर घटना के बारे में अपना पक्ष रखना चाहती हूं।'' उसने मीडिया से उसके बारे में अफवाह नहीं फैलाने की अपील भी की।

ऐसी खबरें थीं कि श्रद्धा अपनी बहन और एक साथी के साथ नेपाल चली गई हो सकती है। पिछले सप्ताह बहराइच जिले के रूपईडीहा कस्बे में उसके नाम पर पंजीकृत एक महिंद्रा स्कॉर्पियो-एन लावारिस हालत में मिली थी। यह कस्बा नेपाल सीमा से करीब एक किलोमीटर दूर है। जांचकर्ताओं ने इस संभावना से इनकार नहीं किया है कि कुछ आरोपी अंतरराष्ट्रीय सीमा पार कर गए हों।

शुरुआत में अवध ग्रीन अपार्टमेंट से शर्मा के गिरने की घटना को दुर्घटनावश हुई मौत माना गया था। हालांकि, उनके परिवार ने आरोप लगाया कि शर्मा के साथ मारपीट और प्रताड़ना की गई तथा उन्हें इमारत से नीचे फेंक दिया गया।

हजरतगंज पुलिस ने श्रद्धा, उसकी बहन रश्मि, उसके चालक और दो अन्य लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।

शर्मा की मां रंजना शर्मा ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। उन्होंने श्रद्धा के इस दावे पर भी सवाल उठाया कि उनके बेटे ने आत्महत्या की थी। उन्होंने सवाल किया कि श्रद्धा ने पुलिस को पहले यह बात क्यों नहीं बताई।

रंजना ने बताया कि घटना से कुछ समय पहले उनके बेटे ने उन्हें फोन करके कहा था कि श्रद्धा ने उसे बाहर बुलाया है और वह पांच मिनट में लौट आएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके बेटे को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया था। उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने पुलिस को सबूत सौंप दिए हैं।

इस बीच, सोशल मीडिया पर एक ऑडियो रिकॉर्डिंग भी प्रसारित हो रही है, जिसमें कथित तौर पर शर्मा की बातचीत सुनाई दे रही है। रिकॉर्डिंग में शर्मा कथित तौर पर यह स्वीकार करते सुनाई देते हैं कि उन्होंने श्रद्धा की तीन चेन और एक ब्रेसलेट लेकर लखनऊ के चौक इलाके में बेच दिए थे। रिकॉर्डिंग में श्रद्धा को कथित तौर पर यह कहते सुना जा सकता है कि गहनों की कीमत करीब छह लाख रुपये थी। वह पैसे लौटाने के बारे में भी पूछती सुनाई देती है।

इससे पहले एक पुलिस अधिकारी ने कहा था कि अधिकारियों को इन वीडियो के बारे में जानकारी है और उन्होंने उनका संज्ञान लिया है।

भाषा किशोर जफर मनीषा अमित

अमित