Breaking News

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के एक संदिग्ध को कोटा से हिरासत में लिया गया     |   हैदराबाद के पास सड़क हादसा, खड़ी लॉरी से टकराई RTC बस, 15 घायल     |   कनाडाई सैन्य अड्डे पर घास में लगी आग, 4 लोगों की मौत     |   तेल अवीव-वियना फ्लाइट को मिली बम से उड़ाने की धमकी, बुल्गारिया में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग     |   भारत छोड़ने के नोटिस को इमरान खान ने दी चुनौती, बॉम्बे हाई कोर्ट में सुनवाई आज     |  

रूस के मिसाइल और ड्रोन हमले में कीव में एक व्यक्ति की मौत, आठ घायल

कीव, 19 अक्टूबर (एपी) रूस ने सोमवार तड़के यूक्रेन की राजधानी कीव पर बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन से हमला किया, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और आठ अन्य घायल हो गए। स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि हमले में तीन जिलों में इमारतों और बुनियादी ढांचे को भी नुकसान पहुंचा है।

यूक्रेन की वायु सेना ने बताया कि रूस ने रात में बड़े पैमाने पर हवाई हमला किया, जिसमें बैलिस्टिक मिसाइलों, क्रूज मिसाइलों और 269 ड्रोन का इस्तेमाल किया गया। वायु सेना के अनुसार, यूक्रेन की वायु रक्षा प्रणालियों ने 243 ड्रोन और चार मिसाइलों को नष्ट कर दिया या उन्हें लक्ष्य तक पहुंचने से रोक दिया।

उसने बताया कि 25 स्थानों पर हमले की सूचना मिली, जबकि हथियारों का मलबा आठ स्थानों पर गिरा।

रूस के रक्षा मंत्रालय ने सोमवार को कहा कि उसकी सेना ने रात में यूक्रेन के ठिकानों पर ‘बड़े पैमाने पर हमला’ किया। मंत्रालय के अनुसार, इस दौरान जमीन से दागे जाने वाले सटीक निशाने वाले हथियारों और हमलावर ड्रोन का इस्तेमाल किया गया।

रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि कीव में जिन ठिकानों को निशाना बनाया गया, उनमें एक डेटा सेंटर, ‘फायर प्वाइंट’ का एक रसद केंद्र, ड्रोन के कलपुर्जे बनाने वाली एक औद्योगिक इकाई और एक रेल इंजन डिपो शामिल हैं। मंत्रालय के मुताबिक, रसद केंद्र में ड्रोन और ‘फ्लेमिंगो’ क्रूज मिसाइलों के कलपुर्जे रखे जाते हैं, जबकि रेल इंजन डिपो में मिसाइलें रखी जाती हैं।

रूसी मंत्रालय ने यह भी दावा किया कि कीव क्षेत्र में सैन्य औद्योगिक परिसर के लिए पॉलिमर सामग्री बनाने वाले एक संयंत्र को निशाना बनाया गया। इसके अलावा, ओडेसा बंदरगाह से 130 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में समुद्र में एक मालवाहक जहाज पर भी हमला किया गया। मंत्रालय ने दावा किया कि जहाज पर सैन्य और दोहरे उपयोग वाला सामान लदा था।

कीव शहर के सैन्य प्रशासन ने टेलीग्राम पर एक पोस्ट में बताया कि राजधानी के देस्नियांस्की जिले में हमले से एक निजी चिकित्सा केंद्र और शहर के एक मेट्रो स्टेशन को नुकसान पहुंचा।

द्निप्रोवस्की जिले में खुले स्थानों पर मलबा गिरने से शैक्षणिक संस्थानों और एक खेल परिसर को नुकसान पहुंचा। मलबा गैर-आवासीय इमारतों पर भी गिरा।

सैन्य प्रशासन के अनुसार, सोलोमियांस्की जिले में 25 मंजिला एक आवासीय इमारत में स्थित चिकित्सा केंद्र की तीसरी मंजिल पर आग लग गई। आपातकालीन सेवाओं ने आग पर काबू पा लिया।

हमले में आसपास की इमारतों और एक शॉपिंग सेंटर की खिड़कियां भी क्षतिग्रस्त हो गईं।

एपी मनीषा वैभव

वैभव