तिरुवनंतपुरम, 19 अक्टूबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की केरलम इकाई के अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने सोमवार को आरोप लगाया कि दिल्ली में कांग्रेस, कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) और वाम दलों के प्रदर्शन का मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) या मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) से कोई लेना-देना नहीं है बल्कि इनका उद्देश्य ‘‘बांग्लादेश की तर्ज पर सत्ता परिवर्तन’’ करना है।
चंद्रशेखर ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कई पोस्ट में यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस, वाम दल और कॉजपा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति अपनी ‘‘नफरत’’ और उन्हें लेकर अपनी ‘‘असुरक्षा’’ की भावना के कारण एकजुट हुए हैं।
उन्होंने दावा किया, ‘‘भारत जिस तरह बदल रहा है और आगे बढ़ रहा है, उससे सभी को खतरा महसूस हो रहा है।’’
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘दिल्ली में जो कुछ हो रहा है, वह हताश परिवारवादी नेता राहुल गांधी तथा मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा), आम आदमी पार्टी (आप) समर्थित कॉजपा और मार्क्सवादी-लेनिनवादी विचारधारा वाले छोटे समूहों के उनके गठबंधन की ओर से ‘बांग्लादेश की तर्ज पर’ सत्ता परिवर्तन की खुली कोशिश है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘इसका लोकतंत्र, मतदाता सूची, सीईसी या एसआईआर से कोई लेना-देना नहीं है। इसका मकसद लोकतांत्रिक तरीके से चुनी गई सरकार को कमजोर करना और गिराना है।’’
कांग्रेस, कॉजपा और वाम दलों ने इन आरोपों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।
कांग्रेस, कॉजपा और वाम दल मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान कथित तौर पर 13 करोड़ से अधिक मतदाताओं के नाम हटाए जाने के मामले में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे हैं।
भाषा सुरभि मनीषा
मनीषा