रांची, 19 अक्टूबर (भाषा) झारखंड के रांची जिले में 17 वर्षीय छात्रा का शव उसके घर के पास मिला है। पुलिस को आशंका है कि छात्रा के साथ दुष्कर्म करने के बाद उसकी हत्या की गई। एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि 11वीं कक्षा की छात्रा का शव रविवार को उसके घर से करीब ढाई किलोमीटर दूर एक सुनसान जगह से बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार, छात्रा अपने सात वर्षीय चचेरे भाई के साथ यह कहकर घर से निकली थी कि वह अपने भाई और भाभी के घर जा रही है।
कुछ समय बाद लड़का घर लौट आया, जिसके बाद परिवार ने छात्रा की तलाश शुरू की। बाद में उसका शव झाड़ियों में मिला।
मुरी चौकी के प्रभारी विकास पासवान ने कहा, “प्रथम दृष्टया पता चला है कि छात्रा की गला घोंटकर हत्या की गई। हालांकि, दुष्कर्म की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।”
उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम जांच दिन में बाद में की जाएगी।
अधिकारी ने कहा कि फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। मामले में अब तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है।
उन्होंने बताया कि पीड़िता के पिता की शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। मामले की जांच जारी है।
भाषा मनीषा
मनीषा