Breaking News

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के एक संदिग्ध को कोटा से हिरासत में लिया गया     |   हैदराबाद के पास सड़क हादसा, खड़ी लॉरी से टकराई RTC बस, 15 घायल     |   कनाडाई सैन्य अड्डे पर घास में लगी आग, 4 लोगों की मौत     |   तेल अवीव-वियना फ्लाइट को मिली बम से उड़ाने की धमकी, बुल्गारिया में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग     |   भारत छोड़ने के नोटिस को इमरान खान ने दी चुनौती, बॉम्बे हाई कोर्ट में सुनवाई आज     |  

ओडिशा में पुलिस के साथ मुठभेड़ में 17 आपराधिक मामलों में वांछित व्यक्ति घायल

भुवनेश्वर, 19 अक्टूबर (भाषा) ओडिशा के झारसुगुड़ा जिले में सोमवार सुबह पुलिस के साथ मुठभेड़ में 17 आपराधिक मामलों में वांछित व्यक्ति घायल हो गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ सुबह करीब छह बजे हुई। ओरिएंट थाने की एक विशेष पुलिस टीम को ओरिएंट क्षेत्र निवासी बंटी प्रसाद के वहां मौजूद होने की खुफिया जानकारी मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने अमदारा जंगल में तलाशी अभियान चलाया।

इसने कहा कि जब बंटी प्रसाद को एहसास हुआ कि वह घिर गया है, तो उसने पुलिस टीम पर गोली चला दी, और जवाबी कार्रवाई में प्रसाद के बाएं पैर में गोली लग गई।

पुलिस अधीक्षक जी राघवेंद्र रेड्डी ने बताया कि प्रसाद को पहले शुरुआती इलाज के लिए कलियाखानी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया और बाद में झारसुगुड़ा जिला मुख्यालय अस्पताल भेज दिया गया।

उन्होंने कहा, ‘‘आरोपी की हालत स्थिर है।’’

रेड्डी ने बताया कि प्रसाद लूटपाट, जबरन वसूली, मारपीट और हथियारों से जुड़े अपराध समेत 17 आपराधिक मामलों में शामिल रहा है।

उन्होंने कहा कि मुठभेड़ वाली जगह से 7.65 एमएम की माउजर पिस्तौल, तीन कारतूस और एक मोटरसाइकिल जब्त की गई है।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिला पुलिस संगठित अपराध और हथियारों की अवैध तस्करी के प्रति ‘कतई बर्दाश्त नहीं’ की नीति पर कायम है।

उन्होंने लोगों से अपील की कि अगर कोई उनसे जबरन वसूली की कोशिश करे, तो वे पुलिस को इसकी सूचना दें।

भाषा सुरभि नेत्रपाल

नेत्रपाल