Breaking News

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के एक संदिग्ध को कोटा से हिरासत में लिया गया     |   हैदराबाद के पास सड़क हादसा, खड़ी लॉरी से टकराई RTC बस, 15 घायल     |   कनाडाई सैन्य अड्डे पर घास में लगी आग, 4 लोगों की मौत     |   तेल अवीव-वियना फ्लाइट को मिली बम से उड़ाने की धमकी, बुल्गारिया में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग     |   भारत छोड़ने के नोटिस को इमरान खान ने दी चुनौती, बॉम्बे हाई कोर्ट में सुनवाई आज     |  

लातूर में पानी की चोरी पर कार्रवाई, 34 अवैध कनेक्शन काटे गए

लातूर, 19 अक्टूबर (भाषा) महाराष्ट्र के लातूर में निकाय प्राधिकारियों ने मांजरा बांध से शहर तक पानी पहुंचाने वाली मुख्य पाइपलाइन से जुड़े 34 अवैध कनेक्शन काट दिए हैं। अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि पानी की अवैध निकासी करने वालों को सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।

अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई पानी की चोरी और बर्बादी रोकने के लिए लातूर और धाराशिव जिलों में निकाय, राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त दलों ने की।

यह अभियान लातूर के जिलाधिकारी डॉ. भरत बस्तेवाड और नगर आयुक्त राहुल कुलकर्णी के निर्देश पर रविवार को चलाया गया। मुख्य जलापूर्ति पाइपलाइन के किनारे बड़ी संख्या में अवैध कनेक्शन मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई। इस दौरान पानी की अवैध निकासी में इस्तेमाल होने वाले पाइप भी जब्त किए गए।

नगर प्रशासन ने मुख्य जलापूर्ति पाइपलाइन से पानी निकालने और झीलों से अवैध रूप से पानी खींचने के खिलाफ चेतावनी दी है। साथ ही कहा है कि शहर में निरीक्षण अभियान तेज किया जाएगा।

सूखे की स्थिति के बीच प्रशासन ने लोगों से पानी का सोच-समझकर इस्तेमाल करने, अवैध कनेक्शन को नियमित कराने और अधिकारियों के साथ सहयोग करने की अपील की है, ताकि शहर में जलापूर्ति निर्बाध बनी रहे।

भाषा अमित

अमित