Breaking News

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के एक संदिग्ध को कोटा से हिरासत में लिया गया     |   हैदराबाद के पास सड़क हादसा, खड़ी लॉरी से टकराई RTC बस, 15 घायल     |   कनाडाई सैन्य अड्डे पर घास में लगी आग, 4 लोगों की मौत     |   तेल अवीव-वियना फ्लाइट को मिली बम से उड़ाने की धमकी, बुल्गारिया में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग     |   भारत छोड़ने के नोटिस को इमरान खान ने दी चुनौती, बॉम्बे हाई कोर्ट में सुनवाई आज     |  

केएसयू कार्यकर्ताओं के ‘हमले’ के मामले में एसआईटी ने पूर्व मंत्री वीना जॉर्ज का बयान दर्ज किया

कन्नूर (केरलम), 19 अक्टूबर (भाषा) केरल छात्र संघ (केएसयू) के कार्यकर्ताओं की ओर से फरवरी में कन्नूर रेलवे स्टेशन पर पूर्व स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज पर हुए कथित हमले की जांच कर रहे विशेष जांच दल (एसआईटी) ने जॉर्ज का बयान दर्ज किया है। पुलिस सूत्रों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि एसआईटी ने मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) नेता जॉर्ज के पथनमथिट्टा स्थित आवास पर जाकर उनका बयान दर्ज किया। यह प्रक्रिया कुछ घंटे तक चली।

सूत्रों ने बताया कि एसआईटी ने जॉर्ज के अंगरक्षक और मामले की शुरुआती जांच करने वाले कन्नूर रेलवे पुलिस थाने के अधिकारियों के भी बयान दर्ज किए हैं।

इस साल 25 फरवरी को तत्कालीन स्वास्थ्य मंत्री जॉर्ज के खिलाफ कन्नूर रेलवे स्टेशन पर काले झंडे दिखाकर विरोध प्रदर्शन करने के मामले में सबसे पहले कन्नूर रेलवे पुलिस थाने में शिकायत दर्ज की गई थी।

मामले के अनुसार चिकित्सकीय लापरवाही के कथित मामले में विरोध कर रहे केएसयू के पांच कार्यकर्ता ट्रेन पकड़ने के लिए स्टेशन पहुंचीं जॉर्ज के पास गए और उन्होंने मंत्री पर कथित तौर पर हमला किया।

इसके बाद जॉर्ज ने गर्दन में दर्द की शिकायत की और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।

जॉर्ज के अंगरक्षक की शिकायत के आधार पर पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर पांचों केएसयू कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया था।

प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि घटना में एक हथियार का इस्तेमाल किया गया था। वहीं केएसयू कार्यकर्ताओं ने मामले के पीछे साजिश होने का आरोप लगाया और दावा किया कि वे जॉर्ज के पास गए ही नहीं थे और पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को उन तक पहुंचने से रोक दिया था।

इस साल जून में जांच दल द्वारा अदालत में आरोपपत्र दाखिल किए जाने के बाद मामले की आगे जांच की मांग तेज हो गई क्योंकि उस आरोपपत्र में हत्या के प्रयास और अन्य गंभीर आरोप हटा दिए गए थे।

यूडीएफ सरकार के सत्ता में आने के बाद गृह विभाग ने तीन अगस्त को एसआईटी का गठन किया और मामले के सभी तथ्यों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच का आदेश दिया।

भाषा शोभना मनीषा

मनीषा