चंडीगढ़, 19 अक्टूबर (भाषा) पंजाबी गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ ने मादक पदार्थ विरोधी कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा को शहीद करार देते हुए उनके परिवार के लिए न्याय की मांग की। झोटा की पिछले सप्ताह पंजाब के मानसा में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
दोसांझ ने रविवार को अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर झोटा की एक तस्वीर साझा की।
उन्होंने कहा, “शहीद परविंदर सिंह। दुख की इस घड़ी में पूरा पंजाब परिवार के साथ है। परिवार को न्याय मिलना चाहिए।”
मादक पदार्थों की अवैध बिक्री के खिलाफ आवाज उठाने के लिए पहचाने जाने वाले झोटा की 13 अक्टूबर को मानसा के एक व्यस्त बाजार में स्थित मेडिकल स्टोर के अंदर दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
दुकान के मालिक अश्वनी कुमार ने एक बुजुर्ग व्यक्ति को नशीली दवाएं बेचने पर झोटा द्वारा सवाल उठाए जाने के बाद उन पर गोली चला दी। उसे राजस्थान के सालासर से हिरासत में लिया गया।
यह घटना उस समय हुई, जब झोटा फेसबुक पर लाइव थे।
झोटा की हत्या के छह दिन बाद भी उनके शव का पोस्टमार्टम और अंतिम संस्कार नहीं हो पाया है, क्योंकि उनके परिवार के सदस्य और समर्थक मानसा में प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने न्याय मिलने तक अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया है।
झोटा की हत्या के बाद विभिन्न संगठनों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की गठित संयुक्त कार्रवाई समिति इस मामले की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराने और मुख्यमंत्री भगवंत मान तथा पुलिस महानिदेशक गौरव यादव के इस्तीफे सहित अन्य मांगें कर रही है।
इसी बीच, अभिनेत्री नीरू बाजवा ने रविवार को कहा कि उन्होंने झोटा की हत्या को लेकर जारी आक्रोश के बीच अपनी हालिया पंजाबी फिल्म ‘थापी’ को फिलहाल रोकने का फैसला किया है। खेल पर आधारित यह ड्रामा फिल्म 16 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होनी थी।
बाजवा ने फेसबुक पर एक पोस्ट में कहा, “आज हम जो कुछ भी हैं, वह पंजाब और पंजाबियत की वजह से हैं। ‘थापी’ फिल्म बनाने का उद्देश्य भी यही है कि पंजाब के खेतों में फिर से रौनक लौटे। सिनेमा लोगों के लिए है। यह कभी भी लोगों से बड़ा नहीं हो सकता।”
उन्होंने कहा, “हम हर तरह से पंजाब के साथ खड़े हैं, हम पंजाब के साथ खड़े थे और आगे भी पंजाब के साथ खड़े रहेंगे।”
रविवार को पंजाबी गायक बब्बू मान ने मानसा में प्रदर्शन स्थल का दौरा किया और मादक पदार्थों के खिलाफ लड़ाई में झोटा के प्रयासों की सराहना की।
भाषा तान्या वैभव
वैभव