नयी दिल्ली, 19 अक्टूबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी को स्वास्थ्य में सुधार के बाद सोमवार को दिल्ली के एक अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
आडवाणी को सीने में संक्रमण के कारण 16 अक्टूबर को इंद्रप्रस्थ अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनका इलाज न्यूरोलॉजी विभाग के सीनियर कंसल्टेंट डॉ. विनीत सूरी की देखरेख में किया जा रहा था।
अस्पताल की ओर से जारी बयान के अनुसार, उनकी तबीयत में सुधार हुआ है। अस्पताल ने इससे पहले बताया था कि 98 वर्षीय नेता को गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में रखा गया, जहां उनकी हालत स्थिर और चिकित्सकीय निगरानी में थी।
सूत्रों के अनुसार, आडवाणी को शुक्रवार शाम करीब साढ़े सात बजे अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
आडवाणी कई बार भाजपा के अध्यक्ष रहे और 2002 से 2004 तक उपप्रधानमंत्री पद पर रहे। उन्होंने भाजपा को एक प्रमुख राष्ट्रीय राजनीतिक शक्ति के रूप में स्थापित करने में अहम भूमिका निभाई।
भाषा शोभना मनीषा
मनीषा
शोभना