Breaking News

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के एक संदिग्ध को कोटा से हिरासत में लिया गया     |   हैदराबाद के पास सड़क हादसा, खड़ी लॉरी से टकराई RTC बस, 15 घायल     |   कनाडाई सैन्य अड्डे पर घास में लगी आग, 4 लोगों की मौत     |   तेल अवीव-वियना फ्लाइट को मिली बम से उड़ाने की धमकी, बुल्गारिया में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग     |   भारत छोड़ने के नोटिस को इमरान खान ने दी चुनौती, बॉम्बे हाई कोर्ट में सुनवाई आज     |  

अलप्पुझा में कुपोषण से बच्चे की मौत के संदेह में बाल अधिकार आयोग ने मामला दर्ज किया

अलप्पुझा, 19 अक्टूबर (भाषा) केरलम राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने सोमवार को यहां हरिपद में दो वर्षीय बच्चे की कुपोषण से मौत होने के संदेह में मामला दर्ज किया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

आयोग की सदस्य टी. सी. जलजा मोल ने घटना के संबंध में मीडिया में आई खबरों के आधार पर कार्रवाई शुरू की।

आयोग की ओर से जारी एक बयान में कहा गया कि उसने जिला चिकित्सा अधिकारी, कार्तिकपल्ली ग्राम पंचायत के सचिव, जिला बाल संरक्षण अधिकारी और पंचायत के समेकित बाल विकास सेवा (आईसीडीएस) पर्यवेक्षक से स्पष्टीकरण मांगा है।

राज्य के गृह मंत्री रमेश चेन्निथला ने कहा कि यह परिवार उनके निर्वाचन क्षेत्र का है और यह मामला उनके संज्ञान में आया है।

उन्होंने संवाददाताओं से कहा, “अगर सरकार की ओर से किसी तरह की सहायता देने की जरूरत है, तो हम इसके लिए तैयार हैं। मैंने संबंधित तहसीलदार सहित कुछ लोगों को वहां भेजा है। उन्हें मामले की जांच करने और रिपोर्ट सौंपने को कहा गया है।”

दो वर्षीय बच्चा रविवार को अपने घर में मृत पाया गया था।

पुलिस ने बताया कि बच्चा कथित तौर पर खून की अत्यधिक कमी से पीड़ित था और कुपोषित दिखाई दे रहा था। उसकी उम्र के हिसाब से वजन करीब 12 किलोग्राम होना चाहिए था, जबकि उसका वजन 7.6 किलोग्राम दर्ज किया गया था।

बच्चे के पिता ऑटोरिक्शा चालक हैं और वह अपनी पत्नी तथा बच्चों के साथ कार्तिकपल्ली में रहते हैं।

अधिकारियों ने बताया कि दंपति के एक नवजात शिशु सहित पांच अन्य बच्चे भी हैं और उनके एक अन्य बच्चे की पहले ही मौत हो चुकी है।

बच्चे की मां को प्रसव के लिए शनिवार को वंदनम स्थित सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बच्चे घर पर अपने पिता के साथ थे।

पिता ने रविवार सुबह दो वर्षीय बच्चे को मृत पाया।

अधिकारियों ने बताया कि बाल कल्याण समिति ने जीवित बचे अन्य बच्चों को अपनी देखरेख में ले लिया है।

भाषा तान्या मनीषा

मनीषा