Breaking News

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के एक संदिग्ध को कोटा से हिरासत में लिया गया     |   हैदराबाद के पास सड़क हादसा, खड़ी लॉरी से टकराई RTC बस, 15 घायल     |   कनाडाई सैन्य अड्डे पर घास में लगी आग, 4 लोगों की मौत     |   तेल अवीव-वियना फ्लाइट को मिली बम से उड़ाने की धमकी, बुल्गारिया में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग     |   भारत छोड़ने के नोटिस को इमरान खान ने दी चुनौती, बॉम्बे हाई कोर्ट में सुनवाई आज     |  

टाइगर श्रॉफ गोलीबारी मामले में तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज, अपराध शाखा करेगी जांच

मुंबई, 19 अक्टूबर (भाषा) मुंबई पुलिस ने अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर गोलीबारी के मामले में तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि जुहू पुलिस ने शुरुआत में मामला दर्ज किया था, लेकिन अपराध की गंभीरता को देखते हुए जांच का जिम्मा मुंबई अपराध शाखा को सौंप दिया गया है।

रविवार शाम मुंबई के जुहू इलाके में अज्ञात हमलावरों ने श्रॉफ की कार पर गोलीबारी की थी। अभिनेता इस घटना में सुरक्षित बच गए, लेकिन उनका ड्राइवर और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गए।

सोशल मीडिया पर वायरल एक पोस्ट में लॉरेंस बिश्नोई गिरोह ने हमले की जिम्मेदारी ली है, लेकिन पुलिस ने अब तक पोस्ट की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं की है।

एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1) (हत्या का प्रयास) और धारा 3(5) (साझा मंशा को आगे बढ़ाने के लिए किए गए आपराधिक कृत्य) तथा शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।

उन्होंने बताया कि अपराध शाखा के जांच अपने हाथ में लेने के बाद जांच अधिकारी मामले के सभी संभावित पहलुओं की पड़ताल कर रहे हैं जिसमें मामला लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़े होने की संभावनाओं पर भी जांच की जा रही है।

पुलिस ने कहा कि तीन अज्ञात हमलावरों का पता लगाना कानून प्रवर्तन एजेंसियों के लिए मुख्य चुनौती बनी हुई है और मामले की आगे की जांच जारी है।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि हमलावरों और उनके आकाओं का पता लगाया जाएगा और किसी को बख्शा नहीं जाएगा।

इससे पूर्व उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे रविवार देर रात मुंबई के बांद्रा इलाके में स्थित श्रॉफ के घर पहुंचे। उन्होंने 36 वर्षीय अभिनेता के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली, उनके चिंतित परिवार को ढांढस बंधाया और गोलीबारी की घटना के बाद उन्हें पूरी सुरक्षा मुहैया कराने का भरोसा दिलाया।

उन्होंने कहा, ‘‘इनकी जड़ें 1990 के दशक में पनपी थीं, जब गिरोहों के बीच हिंसा का बोलबाला था। अब समय आ गया है कि इन्हें फिर से उसी तरह उखाड़ फेंका जाए।’’

श्रॉफ की कार पर हुई गोलीबारी के बारे में पूछे जाने पर उप मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘जैसे को तैसा जवाब मिलेगा, गोली का जवाब गोली से दिया जाएगा।’’

शिंदे ने इस हमले को दुर्भाग्यपूर्ण बताया और कहा कि श्रॉफ को इस घटना में कोई चोट नहीं आई है।

उन्होंने कहा कि पुलिस गोलीबारी की घटना की गहन जांच करेगी, इसके लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान करेगी और ऐसे हमलों के पीछे सक्रिय आपराधिक नेटवर्क को नष्ट करेगी।

भाषा सुरभि वैभव

वैभव