नयी दिल्ली, 19 अक्टूबर (भाषा) डिजिटल भुगतान एवं वित्तीय प्रौद्योगिकी क्षेत्र की प्रमुख कंपनी फोनपे ने अपने निवेश एवं कारोबार मंच शेयरडॉटमार्केट को फोनपे इन्वेस्ट के रूप में पेश करने की सोमवार को घोषणा की। इसके साथ ही यह मंच फोनपे ब्रांड के तहत आ गया है।
कंपनी ने कहा कि शेयरडॉटमार्केट से फोनपे इन्वेस्ट में बदलाव के जरिये शोध आधारित संपत्ति प्रबंधन सेवाओं को फोनपे के एकीकृत वित्तीय प्रणाली में शामिल किया गया है। इसमें भुगतान, कर्ज और बीमा सेवाएं भी शामिल हैं।
इससे कंपनी की संपत्ति प्रबंधन सेवाएं अधिक लोगों तक पहुंच सकेंगी और फोनपे के बड़े एवं विविध उपयोगकर्ता आधार के लिए निवेश करना आसान होगा।
कंपनी बयान के अनुसार, ‘‘निवेश से जुड़े लेनदेन तक सीमित रहने के बजाय ‘पोर्टफोलियो ऑप्टिमाइजर’ निवेश की पूरी यात्रा में मदद करता है। यह आसान माध्यमों के जरिये नए निवेशकों का मार्गदर्शन करता है जबकि अनुभवी निवेशकों को उनके पोर्टफोलियो के बारे में विस्तृत और उपयोगी जानकारी देता है।’’
फोनपे के संस्थापक एवं मुख्य प्रौद्योगिकी एवं उत्पाद अधिकारी (सीपीटीओ) राहुल चारी ने कहा, ‘‘फोनपे इन्वेस्ट हमारी संपत्ति प्रबंधन सेवाओं के विकास में एक महत्वपूर्ण कदम है। संपत्ति प्रबंधन और शेयर कारोबार मंच को फोनपे ब्रांड के तहत एकीकृत करने के साथ यह नई पहचान सभी भारतीयों के लिए समझदारी से निवेश को सुलभ बनाने की हमारी महत्वाकांक्षा को दर्शाती है, ठीक उसी तरह जैसे हमने भारत में भुगतान व्यवस्था को सभी के लिए सुलभ बनाया।’’
चारी ने कहा कि देशभर में अधिक लोगों के संपत्ति बनाने की यात्रा शुरू करने के साथ फोनपे का उद्देश्य निवेश को सरल और अधिक जानकारी पर आधारित बनाना है, ताकि लोग भरोसे के साथ निवेश कर सकें और अपने निवेश संबंधी फैसलों पर उनका पूरा नियंत्रण बना रहे।
कंपनी के अनुसार, इस बदलाव के तहत मौजूदा ब्रोकरेज शुल्क, शुल्क योजनाओं या वार्षिक रखरखाव शुल्क (एएमसी) में कोई बदलाव नहीं होगा।
भाषा निहारिका
निहारिका