कंसास सिटी, 19 अक्टूबर (एपी) अमेरिका के मिसौरी राज्य के कंसास सिटी में एक राजमार्ग के ओवरपास से एक मालवाहक ट्रक नीचे कार पर जा गिरा, जिससे दर्जनों गायों की मौत हो गई और कई अन्य सड़कों पर इधर-उधर भागने लगीं।
घटना के कारण कुछ सड़कें बंद करनी पड़ीं और मवेशियों की तलाश शुरू की गई।
अधिकारियों ने बताया कि यह हादसा रविवार तड़के तीन बजे से कुछ पहले हुआ। हादसे में बच गए मवेशियों को पकड़ने का काम दोपहर बाद तक जारी रहा।
अधिकारियों ने बताया कि ट्रक चालक और जिस वाहन पर ट्रक गिरा, उसके चालक को मामूली चोटें आईं। दोनों का स्थानीय अस्पतालों में इलाज किया गया।
कंसास सिटी पुलिस के सार्जेंट फिल डिमार्टिनो ने बताया कि ट्रक में 120 से 130 मवेशी थे। पश्चिम की ओर जा रहे आई-70 राजमार्ग का घुमावदार हिस्सा दक्षिण की ओर जाने वाले आई-35 राजमार्ग के ऊपर से गुजरता है। इसी जगह ट्रक पलटकर नीचे गिर गया, जिससे 45 से 60 गायों की मौत हो गई।
एपी तान्या वैभव
वैभव