Breaking News

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के एक संदिग्ध को कोटा से हिरासत में लिया गया     |   हैदराबाद के पास सड़क हादसा, खड़ी लॉरी से टकराई RTC बस, 15 घायल     |   कनाडाई सैन्य अड्डे पर घास में लगी आग, 4 लोगों की मौत     |   तेल अवीव-वियना फ्लाइट को मिली बम से उड़ाने की धमकी, बुल्गारिया में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग     |   भारत छोड़ने के नोटिस को इमरान खान ने दी चुनौती, बॉम्बे हाई कोर्ट में सुनवाई आज     |  

मणिपुर के थौबल जिले में झड़प के दौरान एक व्यक्ति की मौत, कई लोग घायल; निषेधाज्ञा लागू

इंफाल, 19 अक्टूबर (भाषा) मणिपुर के थौबल जिले में दो समुदायों के बीच हुई झड़प में कम से कम एक व्यक्ति की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

जिला प्रशासन ने प्रभावित इलाकों में निषेधाज्ञा लागू कर दी है जिसके तहत लोगों को अपने घरों से बाहर निकलने पर रोक लगा दी गई है। इन इलाकों में कुछ मकानों और वाहनों को भी आग के हवाले कर दिया गया।

पुलिस के अनुसार, रविवार रात को थौबल पुलिस थाना क्षेत्र अंतर्गत खंगाबोक गांव में एक मैदान में संगीत कार्यक्रम के दौरान कथित तौर पर कुछ लोगों ने पत्थर फेंकना शुरू कर दिया जिसके बाद तनाव पैदा हो गया। यह स्थान इंफाल से करीब 25 किलोमीटर दक्षिण में स्थित है।

इस घटना के बाद खंगाबोक और संगैयुमफम में दो समुदायों के लोगों के बीच पथराव हुआ और कुछ मकानों तथा वाहनों को जला दिया गया।

अज्ञात उपद्रवियों की गोलीबारी में एक व्यक्ति के सिर में गोली लग गई। उसे नजदीकी अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान लैशराम राकेश के रूप में हुई है।

इसके अलावा पथराव की चपेट में आने से मामूली रूप से घायल कई अन्य लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस ने बताया कि दोनों गांवों में राज्य और केंद्रीय बलों की अतिरिक्त टुकड़ियां भेजी गईं और सोमवार सुबह तक स्थिति नियंत्रण में थी।

थौबल के जिलाधिकारी द्वारा रविवार रात जारी निषेधाज्ञा में कहा गया, ‘‘कुछ असामाजिक तत्वों की गैर-कानूनी गतिविधियों के कारण शांति भंग होने, सार्वजनिक शांति व्यवस्था बिगड़ने और लोगों की जान-माल को तत्काल खतरा होने की आशंका है।’’

जिलाधिकारी ने ‘भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता’ (बीएनएसएस) की धारा 163 के तहत खंगाबोक और संगैयुमफम इलाकों के लोगों को रविवार रात 11 बजे से अपने घरों से बाहर नहीं निकलने का निर्देश दिया।

यह धारा अधिकारियों को तत्काल खतरे या सार्वजनिक अशांति को रोकने के लिए अस्थायी आदेश जारी करने का अधिकार देती है। हालांकि, आदेश में यह स्पष्ट नहीं किया गया कि प्रतिबंध कब तक लागू रहेगा।

भाषा सुरभि वैभव

वैभव