भुवनेश्वर, 18 अक्टूबर (भाषा) ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने रविवार को बीजू जनता दल (बीजद) की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि राज्य में उसके शासन के दौरान लगातार आठ साल तक छात्र संघ चुनाव नहीं कराए गए, क्योंकि नवीन पटनायक के नेतृत्व वाली पार्टी को युवाओं पर भरोसा नहीं था।
माझी ने कटक में ‘यंग लीडर्स कॉन्क्लेव’ को संबोधित करते हुए कहा कि हाल ही में कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में हुए चुनाव बिना किसी हिंसा के संपन्न हुए।
उन्होंने दावा किया कि छात्र जीवन से राजनीति में आए बीजद के नेता वर्षों तक मूकदर्शक बने रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘उन्हें परिसर में चुनाव रद्द किए जाने के खिलाफ बोलने से किसने रोका था? उन्होंने छात्र संघ चुनाव रद्द किए क्योंकि उन्हें युवाओं पर भरोसा नहीं था।’’
माझी ने कहा कि उनकी सरकार ने छात्रों और ‘जेन-जी’ के विरोध प्रदर्शनों तथा मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में कथित अनियमितताओं को लेकर उठे आरोपों के बावजूद छात्र संघ चुनाव कराने का फैसला किया।
उन्होंने कहा, ‘‘कुछ लोगों ने मुझे सुझाव दिया था कि राष्ट्रीय स्तर पर विरोध प्रदर्शनों और सरकार से जेन-जी की नाराजगी को देखते हुए चुनाव नहीं कराने चाहिए। लेकिन मैंने चुनाव कराने का फैसला किया, क्योंकि यह सारा दुष्प्रचार केवल सोशल मीडिया तक सीमित है।’’
माझी ने कहा कि सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शनों और गलत सूचनाएं फैलाए जाने के बावजूद राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से संबद्ध अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने दिल्ली विश्वविद्यालय में छात्र संघ चुनाव जीते।
भाषा रविकांत रंजन
रंजन