Breaking News

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के एक संदिग्ध को कोटा से हिरासत में लिया गया     |   हैदराबाद के पास सड़क हादसा, खड़ी लॉरी से टकराई RTC बस, 15 घायल     |   कनाडाई सैन्य अड्डे पर घास में लगी आग, 4 लोगों की मौत     |   तेल अवीव-वियना फ्लाइट को मिली बम से उड़ाने की धमकी, बुल्गारिया में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग     |   भारत छोड़ने के नोटिस को इमरान खान ने दी चुनौती, बॉम्बे हाई कोर्ट में सुनवाई आज     |  

कोलकाता में दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ में मारे गए लोगों में बिहार से आए पिता-पुत्र भी शामिल

कोलकाता, 18 अक्टूबर (भाषा) बिहार के मुजफ्फरपुर निवासी अभिषेक श्रीवास्तव लंबे समय से कोलकाता में दुर्गा पूजा की भव्यता देखने के इच्छुक थे लेकिन उनकी यह यात्रा त्रासदी में बदल गई। चोरबागान के दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ में जान गंवाने वाले 19 लोगों में अभिषेक और उनका सात वर्षीय बेटा भी शामिल हैं।

इस घटना में मारे गए लोगों में बचपन से एक-दूसरे के साथ रहने वाली दो सहेलियां, एक महिला और उसका किशोर बेटा तथा अधेड़ उम्र का एक दंपति शामिल हैं। इनमें से कई लोग उत्सव का आनंद लेने के लिए कोलकाता के उपनगरों और आसपास के जिलों से आए थे, लेकिन भगदड़ में उनकी जान चली गई।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मृतकों में बिहार के मुजफ्फरपुर के पिता-पुत्र अभिषेक श्रीवास्तव (38) और उनके बेटे अयान्श कुमार श्रीवास्तव भी शामिल हैं।

अधिकारी के अनुसार, मृतकों में कोलकाता के अलावा हावड़ा, हुगली, नदिया, पूर्व बर्धमान तथा उत्तर और दक्षिण 24 परगना जिलों के लोग भी थे।

ग्यारहवीं कक्षा की छात्रा बरनाली हलदर और उसकी करीबी दोस्त तानिया बिस्वास ने पहले साल्ट लेक के पूजा पंडालों में जाने की योजना बनाई थी। बाद में उन्होंने मध्य और उत्तर कोलकाता जाने का फैसला किया। बचपन से एक-दूसरे की करीबी रहीं दोनों सहेलियों की इस हादसे में मौत हो गई।

परिवार के एक सदस्य ने बताया कि तानिया की मां आमतौर पर उसे अकेले कहीं जाने देने से हिचकिचाती थीं, लेकिन इस बार उन्होंने उसे जाने की अनुमति दे दी थी। अब परिवार उसकी मौत के सदमे को बर्दाश्त नहीं कर पा रहा है।

रिश्तेदारों के अनुसार, तानिया घर से यह कहकर निकली थी कि वह सॉल्ट लेक के पूजा पंडालों में जाएगी। परिवार को पता नहीं था कि वह चोरबागान जाएगी।

मृतकों में पूर्व बर्धमान की 37 वर्षीय तागर बेज और उनका 14 वर्षीय बेटा संदीप बेज भी शामिल हैं। इसके अलावा, बारानगर के 59 वर्षीय दिलीप घोष और उनकी 45 वर्षीय पत्नी दीपाली घोष की भी मौत हो गई। दंपती का एक बेटा है।

मृतकों की सूची में हुगली जिले के बैद्यबाटी की 26 वर्षीय श्रीपर्णा पोद्दार, कोलकाता के श्यामपुकुर की 45 वर्षीय मिठू मंडल, हावड़ा के बाली की 17 वर्षीय आकृति कुमारी, न्यू टाउन की 17 वर्षीय बरनाली हलदर और 18 वर्षीय तानिया बिस्वास, कोलकाता के मानिकतला के 33 वर्षीय शुभम शंकर तथा नदिया जिले के चकदाह की 44 वर्षीय आरती सरकार बिस्वास के नाम भी शामिल हैं।

सूची में पूर्व बर्धमान की तागर बेज (37) और संदीप बेज (14), उत्तर 24 परगना जिले के खरदाह की 46 वर्षीय कल्पना जाना, हावड़ा के 66 वर्षीय विकास भट्टाचार्य, दक्षिण 24 परगना जिले के बकराहाट की 20 वर्षीय स्नेहा भवाली, हुगली की 25 वर्षीय पियाली प्रमाणिक, न्यू बैरकपुर की 18 वर्षीय प्रिया सामद्दार, अगरपाड़ा के 31 वर्षीय प्रांजल सरकार तथा बारानगर के दिलीप घोष (59) और दीपाली घोष (46) के नाम भी दर्ज हैं।

भाषा गोला रंजन

रंजन