मुंबई, 18 अक्टूबर (भाषा) मुंबई के जुहू इलाके में रविवार शाम अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर अज्ञात हमलावर ने गोलीबारी की, अभिनेता को कोई चोट नहीं आई है और इस मामले की जांच के लिये 15 टीम गठित की गई हैं। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि इस घटना में श्रॉफ का चालक और एक ऑटो चालक घायल हुए हैं। उन्होंने बताया कि इस मामले की जांच के लिये 15 टीम गठित की गई हैं। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
सोशल मीडिया पर वायरल एक पोस्ट के अनुसार, लॉरेंस बिश्नोई गिरोह ने हमले की जिम्मेदारी ली है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक पोस्ट की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं की है।
एक अधिकारी ने बताया कि घटना पश्चिमी उपनगर में जुहू पुलिस थाना क्षेत्र में पुष्पा पार्क के पास हुई। उन्होंने कहा कि घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
अधिकारी ने कहा, ‘‘गोलीबारी की घटना में श्रॉफ सुरक्षित हैं और उन्हें कोई चोट नहीं आई है। गोलीबारी में उनके चालक फिरदौस और चौहान नाम से पहचाने गए एक ऑटो रिक्शा चालक घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।’’
उन्होंने बताया कि फिरदौस के बाएं हाथ में चोट लगी है।
प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, एक अज्ञात व्यक्ति ने अभिनेता और उनके एक दोस्त पर गोली चलाई।
सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में एक अज्ञात व्यक्ति अभिनेता की कार पर गोलीबारी करता दिखाई दे रहा है।
अधिकारी ने बताया कि घटना में शामिल लोगों को पकड़ने के लिए बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू किया गया है। उन्होंने बताया कि सुराग जुटाने के लिए विशेष टीमें इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर रही हैं।
टाइगर के पिता और अभिनेता जैकी श्रॉफ ने पुष्टि की कि उनका बेटा सुरक्षित है और पुलिस थाने में अधिकारियों के साथ जांच में सहयोग कर रहा है।
पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘मामले की हर पहलू से जांच करने और आरोपियों का पता लगाने के लिए मुंबई अपराध शाखा और स्थानीय पुलिस कर्मियों सहित कुल 15 टीम गठित की गई हैं।’’
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने घटना के बाद मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती और टाइगर श्रॉफ से बात की।
फडणवीस ने देवेन भारती से घटना की जानकारी मांगी और उनसे कहा कि वे हमलावरों को जल्द पकड़ें, जांच में तेजी लाएं और इसके लिये जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें।
मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, उन्होंने श्रॉफ से फोन पर बात की और उन्हें पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने दावा किया कि आरोपी को जल्द ही ढूंढ लिया जाएगा और श्रॉफ से कहा कि वे चिंता न करें।
गृह विभाग संभाल रहे फडणवीस ने अभिनेता से कहा, “हम सब आपके साथ हैं। हम जल्द ही आरोपियों को ढूंढ निकालेंगे। आप चिंता न करें।”
एक फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर गोलियों से जुड़े साक्ष्य जुटाए, वाहन की जांच की और यह पता लगाने की कोशिश की कि कुल कितनी गोलियां चलाई गईं।
पुलिस फिलहाल आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, ताकि घटना में शामिल हमलावरों की पहचान की जा सके और उनकी कुल संख्या का पता लगाया जा सके।
अधिकारी ने कहा, ‘‘जुहू पुलिस ने घटनाक्रम का पता लगाने, गोलीबारी से जुड़ी परिस्थितियों की पुष्टि करने और इसमें शामिल लोगों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच शुरू कर दी है।’’ उन्होंने बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है।
दो मार्च 1990 को जय हेमंत श्रॉफ के रूप में जन्मे टाइगर श्रॉफ बॉलीवुड के प्रमुख एक्शन अभिनेताओं और मार्शल आर्ट के खिलाड़ियों में शामिल हैं।
टाइगर श्रॉफ ने 2014 में फिल्म ‘‘हीरोपंती’’ से अपने अभिनय करियर की शुरुआत की थी। उन्होंने ‘‘बागी’’, ‘‘बागी 2’’ और ‘‘वॉर’’ जैसी फिल्मों से अपनी पहचान मजबूत की।
फिल्मों से इतर वह खेल जगत में भी एक प्रमुख हस्ती हैं। उन्होंने 2019 में मैट्रिक्स फाइट नाइट (एमएफएन) की सह-स्थापना की थी, जो अब भारत का सबसे बड़ा मिश्रित मार्शल आर्ट (एमएमए) आयोजन ब्रांड बन गया है।
इस बीच, विपक्ष ने आरोप लगाया कि गृह विभाग संभाल रहे फडणवीस राज्य में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में विफल रहे हैं।
कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने श्रॉफ से जुड़े गोलीबारी के मामले के बाद महायुति सरकार पर राज्य में ‘‘जंगलराज’’ कायम करने का आरोप लगाया। उन्होंने बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर फडणवीस से नैतिक आधार पर इस्तीफे की मांग की।
कांग्रेस नेता सचिन सावंत ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी की हत्या, अभिनेता सलमान खान के आवास के बाहर हुई गोलीबारी और अभिनेताओं तथा फिल्म निर्माताओं को मिल रही धमकियों का जिक्र करते हुए असामाजिक तत्वों पर लगाम लगाने के लिए राज्य सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों पर सवाल उठाए।
कांग्रेस की मुंबई इकाई की अध्यक्ष वर्षा गायकवाड़ ने महाराष्ट्र के लिए अलग गृह मंत्री नियुक्त करने की मांग की और मौजूदा स्थिति के लिए फडणवीस को जिम्मेदार ठहराया।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के विधायक रोहित पवार ने कहा कि यह घटना ठाणे में शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के नेता प्रदीप पूर्णेकर की हाल में हुई हत्या के कुछ दिन बाद सामने आई है।
उन्होंने मुंबई में फिल्म निर्माता रोहित शेट्टी के जुहू स्थित आवास के बाहर हुई गोलीबारी जैसी घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि देश की आर्थिक राजधानी में इस तरह की वारदातों से निवेशकों का भरोसा कमजोर हो सकता है।
पवार ने कहा कि यदि स्थिति संभालना मुश्किल हो गया है, तो गृह विभाग की जिम्मेदारी किसी ‘‘काबिल मंत्री’’ को सौंप दी जानी चाहिए।
राकांपा (शप) के राष्ट्रीय प्रवक्ता क्लाइड क्रास्टो ने आरोप लगाया कि महाराष्ट्र में अपराधियों को कानून का डर नहीं है।
उन्होंने फडणवीस से अपराधियों में कानून का भय पैदा करने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सक्रिय कदम उठाने का आग्रह किया।
शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) की नेता सुषमा अंधारे ने कहा कि गोलीबारी की घटना उद्योगपतियों या अति विशिष्ट लोगों (वीआईपी) के लिए नहीं, बल्कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री और गृह मंत्री फडणवीस के लिए चेतावनी थी कि बिश्नोई गिरोह बेखौफ होकर काम कर रहा है।
उन्होंने सवाल किया, ‘‘अगर सरकार में हिम्मत है, तो वह बिश्नोई गिरोह को कब खत्म करेगी?’’
भाषा गोला रंजन
रंजन