अलाप्पुझा, 18 अक्टूबर (भाषा) केरलम के अलाप्पुझा में रविवार को दो साल का एक बच्चा अपने घर में मृत पाया गया। पुलिस को आशंका है कि बच्चे की मौत कुपोषण के कारण हुई है।
त्रिकुन्नपुझा थाने के एक अधिकारी ने बताया कि चिकित्सकों के अनुसार, बच्चे को खून की अत्यधिक कमी थी और वह कुपोषित भी दिख रहा था। उसका वजन 7.6 किलोग्राम था, जबकि इस उम्र के बच्चे का सामान्य वजन करीब 12 किलोग्राम होना चाहिए।
अधिकारी ने कहा, ‘‘हिस्टोपैथोलॉजी जांच से पता चलेगा कि बच्चे की हालत और मौत किसी बीमारी के कारण हुई या कुपोषण की वजह से।’’
उन्होंने बताया कि फिलहाल अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज किया गया है। हिस्टोपैथोलॉजी जांच के नतीजे आने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
अधिकारी के अनुसार, बच्चे के पिता ऑटोरिक्शा चालक हैं। वह अपनी पत्नी के साथ कार्तिकप्पल्ली में रहते हैं। दंपति के पांच अन्य बच्चे भी हैं, जिनमें एक नवजात शामिल है। अधिकारी ने बताया कि उनके एक अन्य बच्चे की पहले ही मौत हो चुकी है।
बच्चे की मां को प्रसव के लिए शनिवार को वंदनम स्थित सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उस समय बच्चे घर पर अपने पिता के साथ थे।
अधिकारी ने बताया कि रविवार सुबह पिता ने दो वर्षीय बच्चे को मृत पाया।
उन्होंने कहा कि बाल कल्याण समिति ने परिवार के बाकी बच्चों को अपनी देखरेख में ले लिया है।
अधिकारी के अनुसार, परिवार के खराब आर्थिक हालात और रहने की स्थिति को देखते हुए पहले दंपति और उनके बच्चों को गांधीभवन आश्रय गृह में भेजा गया था।
उन्होंने कहा, ‘‘हालांकि, वहां उन्होंने समस्याएं पैदा कीं और वापस अपने घर लौट आए।’’
भाषा सुमित रंजन रवि कांत