जम्मू, 18 अक्टूबर (भाषा) जम्मू-कश्मीर के डोडा और रामबन जिलों में रविवार को चिनाब नदी में कथित तौर पर छलांग लगाने के बाद एक महिला समेत दो लोगों के डूबने की आशंका है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि लापता लोगों की तलाश के लिए बचाव अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि डोडा जिले के बलवाना गांव की रहने वाली 30 वर्षीय प्रिया रविवार दोपहर बग ब्रिज से कथित तौर पर चिनाब नदी में कूद गई। उन्होंने बताया कि प्रिया दो नाबालिग बच्चों की मां है। उन्होंने बताया कि नदी की तेज धारा में बह जाने के बाद उसकी तलाश के लिए अभियान शुरू किया गया।
एक अन्य घटना में, रामबन जिले के राजगढ़ इलाके में शनिवार को अपने घर के पास चिनाब नदी में कथित तौर पर छलांग लगाने वाले युवक मोहम्मद इमरान की तलाश की जा रही है।
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस, राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) के कर्मियों और स्थानीय लोगों की टीम ने लापता युवक की तलाश शुरू की। तलाश अभियान के दौरान नदी के किनारे से उसका मोबाइल फोन बरामद किया गया।
भाषा शुभम रंजन
रंजन