Breaking News

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के एक संदिग्ध को कोटा से हिरासत में लिया गया     |   हैदराबाद के पास सड़क हादसा, खड़ी लॉरी से टकराई RTC बस, 15 घायल     |   कनाडाई सैन्य अड्डे पर घास में लगी आग, 4 लोगों की मौत     |   तेल अवीव-वियना फ्लाइट को मिली बम से उड़ाने की धमकी, बुल्गारिया में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग     |   भारत छोड़ने के नोटिस को इमरान खान ने दी चुनौती, बॉम्बे हाई कोर्ट में सुनवाई आज     |  

उत्तराखंड : पति पर मारपीट का आरोप लगाने वाली मंत्री रेखा आर्य को मिली अस्पताल से छुट्टी

देहरादून, 18 अक्टूबर (भाषा) उत्तराखंड की महिला सशक्तीकरण मंत्री रेखा आर्य को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। उन्होंने अपने पति पर मारपीट और उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है। इस बीच, मामले की जांच कर रहा विशेष जांच दल (एसआईटी) बरेली में उनके पति के घर पहुंचा।

इस मामले में 15 अक्टूबर को प्राथमिकी दर्ज की गई थी और उसी दिन बाद में आर्य को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्हें शनिवार शाम अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

सूत्रों ने बताया कि नौ सदस्यीय एसआईटी भी शनिवार शाम बरेली पहुंची, जहां उसने आर्य के पति गिरधारी लाल साहू के आवास और अन्य स्थानों पर पूछताछ की।

सूत्रों के अनुसार, आर्य की तबीयत में सुधार होने के बाद एसआईटी इस सप्ताह उनका बयान दर्ज कर सकती है। फिलहाल एसआईटी की टीम मंत्री द्वारा लगाए गए आरोपों से जुड़े साक्ष्य जुटा रही है।

आर्य ने अपने पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर पति पर मारपीट, उत्पीड़न, जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया था। साहू ने इन आरोपों से इनकार किया है।

आर्य ने रविवार को देहरादून के टपकेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना की और माता वैष्णो देवी गुफा योग मंदिर में आयोजित विशेष शारदीय नवरात्र अनुष्ठानों में हिस्सा लिया। उन्होंने नवरात्र के आठवें दिन कन्या पूजन भी किया।

आर्य ने सोशल मीडिया पर एक संदेश में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और अपने अन्य सहयोगियों को समर्थन देने के लिए धन्यवाद दिया।

उन्होंने कहा, “आप सभी उन परिस्थितियों से अवगत हैं, जिनका मैं फिलहाल सामना कर रही हूं। इस कठिन समय में मैं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और पूरी सरकार, भारतीय जनता पार्टी की अपनी महिला सहयोगियों तथा जनप्रतिनिधियों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करना चाहती हूं।”

उन्होंने संगठन के सभी पदाधिकारियों, सत्तारूढ़ और विपक्षी दलों के सहयोगियों, सोमेश्वर के पार्टी कार्यकर्ताओं तथा देश-विदेश में मौजूद अपने शुभचिंतकों का भी समर्थन के लिए आभार जताया।

आर्य ने कहा, “आपका यह स्नेह ही मेरी असली ताकत है।” उन्होंने कहा कि वह स्वस्थ हो चुकी हैं और अब उन लोगों की सेवा फिर से शुरू कर रही हैं, जिन्हें वह देवतुल्य मानती हैं। साथ ही, वह अपनी संवैधानिक जिम्मेदारियों का निर्वहन भी जारी रखेंगी।

इस बीच, साहू ने शुक्रवार को एक वीडियो जारी कर मंत्री पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया था। साहू ने दावा किया था कि आर्य के पास 210 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति है और मुख्यमंत्री से किसी उपयुक्त एजेंसी के माध्यम से जांच कराने की मांग की थी। आर्य ने इन आरोपों को खारिज किया है।

साहू ने अपने आरोपों के समर्थन में कोई दस्तावेजी साक्ष्य पेश नहीं किया। उन्होंने यह भी दावा किया कि मंत्री द्वारा बृहस्पतिवार शाम साझा की गई ऑडियो रिकॉर्डिंग फर्जी है और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) की मदद से तैयार की गई है, जिसका उद्देश्य परिवार में कलह पैदा करना है।

साहू ने अपने खिलाफ लगाए गए सभी आरोपों को निराधार बताया।

भाषा रवि कांत रवि कांत रंजन

रंजन