जयपुर, 18 अक्टूबर (भाषा) राजस्थान के अजमेर जिले के किशनगढ़ में रविवार शाम राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर एक ट्रेलर की टक्कर से बाइक सवार महिला, उसके सात वर्षीय बेटे और नौ वर्षीय भतीजे की मौत हो गई, जबकि महिला का पति गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, यह हादसा किशनगढ़ थाना क्षेत्र में राजमार्ग पर होटल एकता के सामने शाम करीब चार बजे हुआ। परिवार बाइक से खोडा माताजी के दर्शन करने जा रहा था, तभी एक ट्रेलर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान सरवाड़ी गेट निवासी ममता (27), उसके बेटे कालू (7) और भतीजे रोहित (9) के रूप में हुई है। हादसे में ममता का पति भोलूराम गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अजमेर रेफर किया गया है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। तीनों शवों को किशनगढ़ के राजकीय यज्ञनारायण चिकित्सालय के मुर्दाघर में रखवाया गया है।
पुलिस के अनुसार, हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने ट्रेलर चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
भाषा
बाकोलिया रवि कांत