Breaking News

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के एक संदिग्ध को कोटा से हिरासत में लिया गया     |   हैदराबाद के पास सड़क हादसा, खड़ी लॉरी से टकराई RTC बस, 15 घायल     |   कनाडाई सैन्य अड्डे पर घास में लगी आग, 4 लोगों की मौत     |   तेल अवीव-वियना फ्लाइट को मिली बम से उड़ाने की धमकी, बुल्गारिया में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग     |   भारत छोड़ने के नोटिस को इमरान खान ने दी चुनौती, बॉम्बे हाई कोर्ट में सुनवाई आज     |  

दिल्ली में स्कूल के जूते को लेकर विवाद के बाद 12वीं के छात्र की चाकू मारकर हत्या

नयी दिल्ली, 18 अक्टूबर (भाषा) दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के मोहन गार्डन इलाके में स्कूल के निर्धारित जूते पहनने को लेकर दो छात्रों के बीच हुए विवाद के बाद 12वीं कक्षा के एक छात्र की स्कूल के बाहर कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि हत्या के मामले में तीन नाबालिगों और दो वयस्कों समेत पांच आरोपियों को पकड़ा गया है। इनमें से तीन उसी स्कूल के छात्र हैं।

पुलिस के अनुसार, घटना 14 अक्टूबर को हुई, जब शाम करीब छह बजकर 10 मिनट पर मोहन गार्डन स्थित एक सरकारी स्कूल के पास चाकू से हमला किए जाने के संबंध में पुलिस नियंत्रण कक्ष (पीसीआर) को फोन आया।

मोहन गार्डन का रहने वाला पीड़ित छात्र चाकू लगने के कारण गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे तारक अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने बताया कि उसी स्कूल में 12वीं कक्षा में पढ़ने वाले एक प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार, विवाद तब शुरू हुआ जब एक अन्य छात्र ने शिक्षक से शिकायत की कि पीड़ित ने स्कूल के निर्धारित जूते नहीं पहने हैं।

इसके बाद दोनों के बीच तीखी बहस हुई और दूसरे छात्र ने कथित तौर पर उसे धमकी दी।

पुलिस के मुताबिक, स्कूल की छुट्टी होने के बाद जब पीड़ित छात्र अपने दोस्तों के साथ बाहर निकला, तो दूसरे छात्र ने कथित तौर पर अन्य आरोपियों को उकसाया। इसके बाद समूह ने उन पर हमला कर दिया।

पुलिस ने बताया कि हमले के दौरान एक आरोपी ने कथित तौर पर पीड़ित को चाकू मार दिया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं और उसकी मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू स्कूल के गेट के पास से बरामद किया गया है।

पुलिस ने बताया कि मृतक छात्र के पिता पूर्व सैनिक हैं और फिलहाल गुरुग्राम में बंदूकधारी के तौर पर काम करते हैं।

भाषा रवि कांत रवि कांत नरेश

नरेश