Breaking News

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के एक संदिग्ध को कोटा से हिरासत में लिया गया     |   हैदराबाद के पास सड़क हादसा, खड़ी लॉरी से टकराई RTC बस, 15 घायल     |   कनाडाई सैन्य अड्डे पर घास में लगी आग, 4 लोगों की मौत     |   तेल अवीव-वियना फ्लाइट को मिली बम से उड़ाने की धमकी, बुल्गारिया में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग     |   भारत छोड़ने के नोटिस को इमरान खान ने दी चुनौती, बॉम्बे हाई कोर्ट में सुनवाई आज     |  

ग्रेटर नोएडा में एक परिवार के पांच सदस्यों के शव मिलने के मामले में तीन रिश्तेदार गिरफ्तार

नोएडा, 18 अक्टूबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में कथित रूप से जहर खाने से एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत के मामले में पुलिस ने मृतक व्यक्ति के तीन रिश्तेदारों को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

रबूपुरा के थाना प्रभारी (एसएचओ) सुजीत उपाध्याय ने बताया कि मृतक व्यक्ति की दो बहनों और एक जीजा को एक रिश्तेदार की ओर से मिली शिकायत के आधार पर गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार, महेश (37) ने अपनी मौत से पहले मोबाइल फोन पर एक ‘वॉयस नोट’ रिकॉर्ड किया था, जिसमें कथित तौर पर तीनों आरोपियों को इन मौतों के लिए जिम्मेदार ठहराया गया था। आरोपियों में उसकी बड़ी बहन सुनीता (45), जीजा शेखर उर्फ चंद्रशेखर (50) और छोटी बहन सपना (32) शामिल हैं।

पुलिस ने बताया कि पड़ोसियों और रिश्तेदारों से जुटाई गई शुरुआती जानकारी के अनुसार, सुनीता ने कथित तौर पर अपनी मां चंद्रवती को उस मकान को उसके नाम करने के लिए भड़काया, जहां महेश अपनी मां के साथ रहता था।

उन्होंने बताया कि इस बात का पता चलने के बाद महेश कथित तौर पर परेशान था।

पुलिस ने बताया कि घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में किसी बाहरी व्यक्ति को परिसर में प्रवेश करते हुए नहीं देखा गया।

पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच से संकेत मिलता है कि संपत्ति विवाद के कारण यह घटना हुई होगी।

थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम में जहर दिए जाने के संकेत मिले हैं, जिसके बाद विसरा के नमूने फोरेंसिक जांच के लिए भेजे गए हैं। पोस्टर्माटम की वीडियोग्राफी भी करायी गयी।

उन्होंने कहा कि रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत का सटीक कारण पता चल सकेगा।

पुलिस ने बताया कि जांच के लिए फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) और खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम को भी मौके पर बुलाया गया।

महेश, उनकी पत्नी ललिता (35), बेटी मिष्टी (सात) और बेटे लड्डू (11) व साक्षात (तीन) के शव शनिवार सुबह रबूपुरा के पास नगला श्री पदम गांव स्थित उनके घर से बरामद हुए थे।

शुरुआत में मौत का कारण खाद्य विषाक्तता माना जा रहा था क्योंकि खबरों से पता चला था कि परिवार के सदस्यों ने मौत से पहले ‘नूडल्स’ खाए थे।

अधिकारियों ने बताया कि ललिता के भाई की शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 108 के तहत आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है।

पुलिस ने बताया कि शेखर और सुनीता दिल्ली के शालीमार बाग में रहते हैं, जबकि सपना राजधानी के खेड़ा कलां में रहती है। पुलिस के अनुसार, तीनों से पूछताछ की जा रही है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि परिवार के पांचों सदस्यों का अंतिम संस्कार शनिवार रात ग्रामीणों और रिश्तेदारों की मौजूदगी में किया गया। पूरे गांव में सदमे और शोक का माहौल है।

भाषा

गोला सुरेश

सुरेश