Breaking News

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के एक संदिग्ध को कोटा से हिरासत में लिया गया     |   हैदराबाद के पास सड़क हादसा, खड़ी लॉरी से टकराई RTC बस, 15 घायल     |   कनाडाई सैन्य अड्डे पर घास में लगी आग, 4 लोगों की मौत     |   तेल अवीव-वियना फ्लाइट को मिली बम से उड़ाने की धमकी, बुल्गारिया में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग     |   भारत छोड़ने के नोटिस को इमरान खान ने दी चुनौती, बॉम्बे हाई कोर्ट में सुनवाई आज     |  

अंडर-23 एथलेटिक्स प्रतियोगिता के अंतिम दिन चार मीट रिकॉर्ड टूटे

जयपुर, 18 अक्टूबर (भाषा) दिल्ली के निर्भय चौधरी और पंजाब की हकीकत ग्रेवाल ने रविवार को यहां इंडियन ओपन अंडर-23 एथलेटिक्स प्रतियोगिता के अंतिम दिन तार गोला फेंक स्पर्धा में नए मीट रिकॉर्ड बनाए।

यहां सवाई मानसिंह स्टेडियम में आयोजित तीन दिवसीय प्रतियोगिता के अंतिम दिन पुरुषों की 400 मीटर बाधा दौड़ और 10 हजार मीटर पैदल चाल में भी मीट रिकॉर्ड टूटे।

चौधरी ने रविवार को अपने सर्वश्रेष्ठ प्रयास में 66.32 मीटर की दूरी तय की जो 2022 में राजस्थान के नितेश पूनिया के नाम दर्ज 64.75 मीटर के पिछले मीट रिकॉर्ड से बेहतर था।

उत्तर प्रदेश के मोहम्मद शहबान ने 65.27 मीटर के प्रयास के साथ रजत पदक जीता और वह भी पिछले मीट रिकॉर्ड को पीछे छोड़ने में सफल रहे।

महिला वर्ग में हकीकत ने अपने दूसरे प्रयास में प्रतिद्वंद्वियों पर बढ़त बना ली। उन्हें अंतिम प्रयास में 55.46 मीटर की दूरी तय की जिससे उन्होंने नया मीट रिकॉर्ड कायम किया। इससे पहले यह रिकॉर्ड तान्या चौधरी के नाम था जिन्होंने 54.42 मीटर की दूरी तय की थी।

पुरुषों की 10 हजार मीटर दौड़ में शीर्ष तीन खिलाड़ियों ने 2022 में पुनीत यादव के नाम दर्ज 29 मिनट 44.64 सेकेंड के मीट रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। महाराष्ट्र के गौरव भास्कर ने 29 मिनट 34.52 सेकेंड के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता।

पश्चिम बंगाल के कर्ण बाग ने पुरुषों की 400 मीटर बाधा दौड़ में 50.27 सेकेंड का समय लेकर स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने केरल के अर्जुन प्रदीप द्वारा 2025 में बनाए गए 50.29 सेकेंड के मीट रिकॉर्ड में सुधार किया।

भाषा सुधीर नमिता

नमिता