चंडीगढ़, 18 अक्टूबर (भाषा) अभिनेत्री नीरू बाजवा ने रविवार को कहा कि मनसा में नशा-विरोधी कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा की हत्या को लेकर फैले जनाक्रोश के बीच उन्होंने अपनी नयी पंजाबी फिल्म 'थापी' का सिनेमाघरों में प्रदर्शन रोकने का फैसला किया है।
खेल पर आधारित यह ड्रामा फिल्म 16 अक्टूबर को सिनेमाघरों में प्रदर्शित हुई थी।
बाजवा ने अपने आधिकारिक फेसबुक पेज पर जारी एक पोस्ट में कहा कि 'वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए' उन्होंने और उनकी टीम ने फिल्म के प्रदर्शन को फिलहाल रोकने का निर्णय लिया है।
उन्होंने लिखा, 'आज हम जो कुछ भी हैं, वह पंजाब और पंजाबियत (पंजाब की संस्कृति और भावना) के कारण हैं। 'थापी' फिल्म बनाने का मकसद भी यही है कि पंजाब के खेतों और युवाओं में फिर से जिंदगी और रौनक लौटाना। सिनेमा जनता के लिए है, यह कभी भी जनता से बड़ा नहीं हो सकता।'
अभिनेत्री ने कहा कि सोमवार से यह फिल्म किसी भी सिनेमाघर में तब तक नहीं दिखाई जाएगी जब तक कि पंजाब में हालात सामान्य नहीं हो जाते।
उन्होंने कहा, 'हम हर तरह से पंजाब के साथ खड़े हैं, पंजाब के साथ खड़े थे और पंजाब के साथ खड़े रहेंगे।'
भाषा सुमित नरेश
नरेश