Breaking News

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के एक संदिग्ध को कोटा से हिरासत में लिया गया     |   हैदराबाद के पास सड़क हादसा, खड़ी लॉरी से टकराई RTC बस, 15 घायल     |   कनाडाई सैन्य अड्डे पर घास में लगी आग, 4 लोगों की मौत     |   तेल अवीव-वियना फ्लाइट को मिली बम से उड़ाने की धमकी, बुल्गारिया में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग     |   भारत छोड़ने के नोटिस को इमरान खान ने दी चुनौती, बॉम्बे हाई कोर्ट में सुनवाई आज     |  

जेम ग्रेनाइट्स के प्रबंधक गिरफ्तार, कारोबारी वीरमणि के खिलाफ पॉक्सो का सातवां मामला दर्ज

चेन्नई, 18 अक्टूबर (भाषा) नाबालिगों के कथित यौन शोषण के मामले में जांच कर रहे विशेष जांच दल (एसआईटी) ने रविवार को प्रमुख ग्रेनाइट कारोबारी आर वीरमणि की कंपनी जेम ग्रेनाइट्स के प्रबंधक शक्तिवेल को गिरफ्तार किया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि एक अन्य नाबालिग के बयान के आधार पर जेम ग्रेनाइट्स के संस्थापक वीरमणि के खिलाफ नया मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि यह उनके खिलाफ पॉक्सो अधिनियम के तहत दर्ज सातवां मामला है।

अधिकारियों के अनुसार, नए मामले में दर्ज कथित घटना भी वीरमणि की महिला सहयोगी शांति के आवास पर हुई थी। उन्होंने बताया कि इसके साथ ही वीरमणि के खिलाफ अब तक 11 नाबालिग लड़कियों से संबंधित शिकायतों की जांच की जा रही है।

यह मामला तब सामने आया, जब ग्रेटर चेन्नई पुलिस की एंटी-वाइस स्क्वॉड को एक पेन ड्राइव में वीडियो साक्ष्य मिले। इसके बाद वीरमणि और उनके कथित सहयोगियों शांति तथा महेंद्र सिम्हन को 29 अगस्त को गिरफ्तार किया गया था।

इसके बाद गणेशन नामक एक अन्य व्यक्ति को 22 सितंबर को गिरफ्तार किया गया। उस पर आरोप है कि उसने अपराधों से संबंधित एक अन्य वीडियो पुलिस को सूचित किए बिना अपने पास रखा था। उसे यहां पुजल केंद्रीय जेल में रखा गया है।

आगे की जांच में तीन चालकों लाजर, पार्थिबन और बाबू की कथित संलिप्तता सामने आई। उन पर नाबालिग लड़कियों को लाकर अपराधों में मदद करने का आरोप है। तीनों को पांच अक्टूबर को गिरफ्तार किया गया था।

पुलिस ने बताया कि वीरमणि के खिलाफ दर्ज दूसरे मामले में पूछताछ के लिए उन्हें पहले पुजल जेल में दो दिन की पुलिस हिरासत में लिया गया था।

जांच का दायरा बढ़ने के साथ पुलिस ने लॉयड्स रोड स्थित वीरमणि के आवास, कनाथुर स्थित उनके फार्महाउस और चामुंडेश्वरी नेचुरल स्टोन के कार्यालय परिसर में व्यापक तलाशी ली। इस दौरान मामलों से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य जब्त किए गए।

पुलिस ने बताया कि रविवार को जेम ग्रेनाइट्स के प्रबंधक शक्तिवेल को वीरमणि की मदद करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। जांचकर्ता अब उन वित्तीय लेनदेन की पड़ताल कर रहे हैं, जिन्हें कथित तौर पर शक्तिवेल के माध्यम से अंजाम दिया गया था, ताकि वीरमणि कानूनी कार्रवाई से बच सकें।

भाषा रंजन नरेश

नरेश