देहरादून, 18 अक्टूबर (भाषा) अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) ने उत्तराखंड में 2027 में प्रस्तावित विधानसभा चुनावों से पहले राज्य में नवनियुक्त पदाधिकारियों को रविवार को जिम्मेदारियां सौंपीं।
पदाधिकारियों ने बताया कि पार्टी संगठन को अधिक मजबूत और सक्रिय बनाने के लिए नवनियुक्त पदाधिकारियों को जिलों, महानगरों, विधानसभा क्षेत्रों और विभिन्न संबद्ध संगठनों, विभागों तथा प्रकोष्ठों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष राजीव महर्षि ने कहा कि एआईसीसी नेतृत्व ने आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों में तेजी लाने और राज्य संगठन को मजबूत करने के लिए यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया है।
उन्होंने कहा, “कांग्रेस नेतृत्व ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को उनकी संगठनात्मक क्षमता, अनुभव और कार्यकुशलता के आधार पर ये जिम्मेदारियां सौंपी हैं, ताकि पूरे राज्य में पार्टी की गतिविधियां प्रभावी ढंग से संचालित हो सकें।”
महर्षि ने बताया कि राज्य के पदाधिकारियों को विशेष जिम्मेदारियां सौंपकर पार्टी का लक्ष्य संगठनात्मक गतिविधियों में तेजी लाना और पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल कायम करना है।
उन्होंने कहा, “‘सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों से उम्मीद की जाती है कि वे अपने-अपने निर्धारित क्षेत्रों में पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ लगातार संपर्क और समन्वय बनाए रखें तथा बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने की दिशा में काम करें।”
महर्षि के मुताबिक, नवनियुक्त प्रभारियों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने अधिकार क्षेत्र के तहत आने वाले जिलों, महानगरों और विधानसभा क्षेत्रों का नियमित दौरा करें तथा वहां पार्टी संगठन की गतिविधियों का जायजा लें।
उन्होंने बताया कि नवनियुक्त प्रभारी पार्टी नेतृत्व को कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ओर से उठाई गई चिंताओं और उनके सुझावों से भी अवगत कराएंगे।
महर्षि ने कहा कि कांग्रेस राज्य की भाजपा सरकार की जन-विरोधी नीतियों के खिलाफ लगातार जनता की ओर से लड़ रही है, जिसमें बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, बिगड़ती कानून-व्यवस्था, महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध और युवाओं तथा किसानों के सामने आ रही चुनौतियों जैसे मुद्दे शामिल हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘राज्य की जनता भाजपा सरकार की नीतियों एवं कार्यप्रणाली से परेशान है और वह बदलाव चाहती है।’’
महर्षि ने कहा कि कांग्रेस एक मजबूत संगठनात्मक ढांचा तैयार करेगी और आगामी विधानसभा चुनाव में पूरी एकजुटता एवं ताकत के साथ उतरेगी।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि जिन राज्य-स्तरीय पदाधिकारियों को अभी तक कोई विशेष काम नहीं सौंपा गया है, उन्हें निकट भविष्य में जिम्मेदारियां दी जाएंगी।
उन्होंने कहा कि राज्य कांग्रेस कार्यकारी समिति में शामिल नेताओं के अलावा पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं को भी जल्द ही जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी।
भाषा पारुल सुरेश
सुरेश