Breaking News

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के एक संदिग्ध को कोटा से हिरासत में लिया गया     |   हैदराबाद के पास सड़क हादसा, खड़ी लॉरी से टकराई RTC बस, 15 घायल     |   कनाडाई सैन्य अड्डे पर घास में लगी आग, 4 लोगों की मौत     |   तेल अवीव-वियना फ्लाइट को मिली बम से उड़ाने की धमकी, बुल्गारिया में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग     |   भारत छोड़ने के नोटिस को इमरान खान ने दी चुनौती, बॉम्बे हाई कोर्ट में सुनवाई आज     |  

बिहार और अरुणाचल के राज्यपाल ने दुर्गा पूजा पर लोगों को शुभकामनाएं दीं

पटना, 18 अक्टूबर (भाषा) बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन ने रविवार को दुर्गा पूजा के अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं दीं।

इस साल की शुरुआत में राज्यपाल का पदभार संभालने वाले हसनैन ने शहर के डाकबंगला चौराहे पर दुर्गा पूजा पंडाल में दर्शन करने के बाद पत्रकारों से संक्षिप्त बातचीत की।

उन्होंने कहा, ''मैं खुद को भाग्यशाली मानता हूं कि मुझे बिहार का राज्यपाल बनने का अवसर मिला। राज्य में पहली बार दुर्गा पूजा समारोहों में शामिल होकर मैं बेहद उत्साहित हूं।''

राज्यपाल ने कहा, ''मैं इस अवसर पर सभी लोगों को अपनी हार्दिक शुभकामनाएं देना चाहता हूं। दशहरा से पहले भी मैं सभी को बधाई देता हूं।''

हसनैन ने कोलकाता में दुर्गा पूजा पंडाल में पिछली रात मची भगदड़ में कई लोगों की मौत के मामले पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।

उन्होंने कहा, ''उस मुद्दे पर बोलना मेरे लिए उचित नहीं है। त्योहार की शुभकामनाएं देने के अलावा मैं कुछ नहीं कहना चाहता।''

इस बीच, अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल के टी परनाइक ने रविवार को दुर्गा पूजा और आगामी दशहरा पर्व के अवसर पर राज्य के लोगों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

राज्यपाल परनाइक ने अपने संदेश में कहा कि दोनों त्योहार बुराई पर अच्छाई, अन्याय पर न्याय और असत्य पर सत्य की जीत का प्रतीक हैं।

उन्होंने कहा कि ये त्योहार आत्मचिंतन करने और समाज का मार्गदर्शन करने वाले मूल्यों को फिर से अपनाने का अवसर प्रदान करते हैं।

उन्होंने लोगों से करुणा, गरिमा, ईमानदारी और आपसी सम्मान को बनाए रखते हुए अन्याय, असहिष्णुता, हिंसा और भेदभाव के खिलाफ मजबूती से खड़े होने की अपील की।

परनाइक ने कहा कि देवी दुर्गा की ओर से राक्षस महिषासुर का वध साहस, दृढ़ संकल्प और धर्म की विजय की शक्ति का प्रतीक है।

इसी तरह, भगवान राम की रावण पर विजय यह संदेश देती है कि बुराई चाहे कितनी भी शक्तिशाली क्यों न हो, वह धर्म और न्याय पर विजय प्राप्त नहीं कर सकती।

राज्यपाल ने उम्मीद जताई कि त्योहारों का उत्साह लोगों को धर्म और न्याय के मार्ग पर चलने तथा अरुणाचल प्रदेश और देश की प्रगति एवं समृद्धि में पूरे मन से योगदान देने के लिए प्रेरित करेगा।

भाषा रवि कांत रवि कांत नरेश

नरेश