Breaking News

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के एक संदिग्ध को कोटा से हिरासत में लिया गया     |   हैदराबाद के पास सड़क हादसा, खड़ी लॉरी से टकराई RTC बस, 15 घायल     |   कनाडाई सैन्य अड्डे पर घास में लगी आग, 4 लोगों की मौत     |   तेल अवीव-वियना फ्लाइट को मिली बम से उड़ाने की धमकी, बुल्गारिया में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग     |   भारत छोड़ने के नोटिस को इमरान खान ने दी चुनौती, बॉम्बे हाई कोर्ट में सुनवाई आज     |  

मणिपुर में कुकी नागरिक की हत्या के बाद कामजोंग के पुलिस अधीक्षक का तबादला

इंफाल, 18 अक्टूबर (भाषा) मणिपुर सरकार ने शनिवार को संदिग्ध उग्रवादियों के हमले में एक कुकी नागरिक की मौत हो जाने के एक दिन बाद रविवार को कामजोंग जिले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) का तत्काल प्रभाव से तबादला कर दिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

कार्मिक एवं प्रशासनिक सुधार विभाग के एक बयान के अनुसार, मणिपुर पुलिस सेवा के अधिकारी थोलू रॉकी का अगले आदेश तक तत्काल प्रभाव से तबादला कर दिया गया है। वह कामजोंग के पुलिस अधीक्षक का कार्यभार संभाल रहे थे।

उन्हें मणिपुर पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय में अतिरिक्त निदेशक नियुक्त किया गया है।

बयान में कहा गया कि इंफाल पश्चिम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (कानून-व्यवस्था) के पद पर तैनात आईपीएस अधिकारी जय बैरेज कामजोंग के प्रभारी पुलिस अधीक्षक का कार्यभार संभालेंगे।

यह तबादला शनिवार को नगा बहुल जिले के चासाद गांव में हुए हमले के एक दिन बाद किया गया। इस गांव में कुकी समुदाय के लोग रहते हैं। हमले में 36 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई थी, जबकि चार अन्य घायल हो गए थे।

अधिकारियों ने बताया कि शनिवार रात संदिग्ध उग्रवादियों ने पहाड़ी गांव में 15 घरों में भी आग लगा दी।

इस बीच, रविवार शाम कामजोंग जिला मुख्यालय में कई नगा महिलाओं ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के तबादले के विरोध में प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि एक कुकी विधायक ने मुख्यमंत्री और राज्य के गृह मंत्री गोविंदास कोंथौजम से अनुरोध किया था, जिसके बाद यह तबादला किया गया।

भाषा योगेश सुभाष

सुभाष