नयी दिल्ली, 18 अक्टूबर (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी में इस महीने का सबसे कम न्यूनतम तापमान 18.6 डिग्री सेल्सियस रविवार को दर्ज किया गया, जो मौसम के औसत तापमान से 0.2 डिग्री सेल्सियस अधिक है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली में अधिकतम तापमान 31.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत तापमान से 0.9 डिग्री कम है।
मौसम विभाग ने सोमवार को आसमान मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान जताया है। इस दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 32 और 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
शाम साढ़े आठ बजे सापेक्ष आर्द्रता 63 प्रतिशत दर्ज की गई।
विभिन्न मौसम केंद्रों में ‘रिज’ में सबसे कम न्यूनतम तापमान 18.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद आयानगर में यह 18.2 डिग्री, लोधी रोड में 18.3 डिग्री और पालम में 18.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
वहीं, रिज में अधिकतम तापमान 31.9 डिग्री सेल्सियस, आयानगर में 31 डिग्री, लोधी रोड में 31.4 डिग्री और पालम में 29.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
‘समीर’ ऐप के अनुसार, शाम छह बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 184 दर्ज किया गया, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, एक्यूआई को शून्य से 50 के बीच ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है।
भाषा प्रचेता सुभाष
सुभाष