Breaking News

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के एक संदिग्ध को कोटा से हिरासत में लिया गया     |   हैदराबाद के पास सड़क हादसा, खड़ी लॉरी से टकराई RTC बस, 15 घायल     |   कनाडाई सैन्य अड्डे पर घास में लगी आग, 4 लोगों की मौत     |   तेल अवीव-वियना फ्लाइट को मिली बम से उड़ाने की धमकी, बुल्गारिया में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग     |   भारत छोड़ने के नोटिस को इमरान खान ने दी चुनौती, बॉम्बे हाई कोर्ट में सुनवाई आज     |  

संविधान को खारिज करके नहीं, केवल चुनावों के जरिए संभव है सत्ता परिवर्तन: फडणवीस

नागपुर, 18 अक्टूबर (भाषा) महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने रविवार को कहा कि भारत में सरकार का कोई भी परिवर्तन केवल चुनावों के माध्यम से ही हो सकता है और संविधान को दरकिनार कर जबरन सत्ता परिवर्तन के प्रयास कभी सफल नहीं होंगे।

यहां संवाददाताओं से बात करते हुए फडणवीस ने शिवसेना (उबाठा) के प्रमुख उद्धव ठाकरे के सत्ता परिवर्तन संबंधी बयान पर निशाना साधा और अपनी ही पार्टी में फूट न रोक पाने के लिए उनका मजाक उड़ाया।

ठाकरे ने शनिवार को वरिष्ठ अधिवक्ता प्रशांत भूषण के 'सत्ता परिवर्तन' के आह्वान का समर्थन किया था। उन्होंने दिल्ली में 'कॉकरोच जनता पार्टी' और अन्य दलों द्वारा आयोजित विरोध प्रदर्शनों में भाग लेने वाले लोगों के खिलाफ कथित हिंसा की आलोचना की थी।

फडणवीस ने वर्ष 2022 में शिवसेना में हुए विभाजन का जिक्र करते हुए कहा, 'जब उनकी (उद्धव की) पार्टी ने हिंदुत्व और शिवसेना के संस्थापक बालासाहेब ठाकरे की विचारधारा का त्याग कर दिया, तो बालासाहेब के मूल सिद्धांतों पर चलने की इच्छा रखने वाले लोग अलग हो गए और उन्होंने असली शिवसेना का गठन किया।'

उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि भारत में फैसले सड़कों पर नहीं, बल्कि संसद और मतदान के माध्यम से तय होते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा, 'यदि आप सत्ता परिवर्तन चाहते हैं, तो आपको चुनाव लड़ना होगा, जनता का दिल जीतना होगा और जनादेश हासिल करना होगा।' उन्होंने विश्वास जताया कि नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार फिर से सत्ता में आएगी।

नेपाल, बांग्लादेश और श्रीलंका जैसे पड़ोसी देशों में हाल के राजनीतिक उथल-पुथल का हवाला देते हुए फडणवीस ने चेतावनी दी कि भारत में भी इसी तरह की अस्थिरता पैदा करने का सपना देखने वाली ताकतें कभी कामयाब नहीं होंगी।

भाषा सुमित नरेश

नरेश