रानीपेट (तमिलनाडु), 18 अक्टूबर (भाषा) तमिल फिल्मों के दिग्गज संगीतकार और गायक देवा का रविवार को रानीपेट जिले में आर्कोट के पास सक्कारामल्लूर स्थित उनके पारिवारिक कृषि फार्म में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। वह ‘थेनीसाई थेंड्रल’ के नाम से लोकप्रिय थे।
वह 75 वर्ष के थे।
देवा का 17 अक्टूबर की सुबह चेन्नई में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया था। उनके पार्थिव शरीर को चेन्नई स्थित उनके आवास से कृषि फार्म लाया गया।
इस प्रसिद्ध संगीत निर्देशक को अंतिम विदाई देने के लिए फार्म में हजारों लोग एकत्र हुए।
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने चेन्नई में देवा के आवास पर पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने संगीत के क्षेत्र में देवा के योगदान को देखते हुए उनका अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किए जाने की घोषणा की थी।
सक्कारामल्लूर में अंतिम संस्कार की व्यवस्थाओं की निगरानी राजस्व और पुलिस अधिकारियों ने की।
देवा का वास्तविक नाम देवानेसन चोक्कलिंगम था। उन्होंने अपने चार दशक लंबे करियर में तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं की 400 से अधिक फिल्मों के लिए संगीत तैयार किया।
संगीत की दुनिया में आने से पहले वह तमिलनाडु सरकार के लोक निर्माण विभाग में कार्यरत थे।
भाषा प्रचेता नरेश
नरेश