मुंबई, 18 अक्टूबर (भाषा) अभिनेता आमिर खान ने रविवार को महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के अध्यक्ष राज ठाकरे से मुलाकात की। यह मुलाकात ऐसे समय में हुई जब अभिनेता के अमेरिकी नागरिक भांजे इमरान खान को मुंबई में एक राजनीतिक विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लेने के कारण कानूनी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
मनसे के एक पदाधिकारी ने हालांकि कहा कि इस मुलाकात का इमरान खान से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने बताया कि आमिर खान और राज ठाकरे के बीच अच्छे संबंध हैं तथा वे अक्सर मिलते रहते हैं।
आमिर ने दादर में शिवाजी पार्क के पास स्थित राज ठाकरे के आवास ‘शिवतीर्थ’ में उनसे मुलाकात की।
अमेरिकी नागरिक इमरान खान ने शनिवार को मुंबई उच्च न्यायालय में एक याचिका दायर कर मुंबई पुलिस के उस नोटिस को चुनौती दी है, जिसमें उन्हें एक राजनीतिक विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के कारण 28 अक्टूबर तक भारत छोड़ने का निर्देश दिया गया था। इसके अलावा, उन्हें एफआरआरओ से एक ‘कारण बताओ नोटिस’ भी मिला है, जिसमें पूछा गया है कि उनका ओसीआई दर्जा क्यों न रद्द कर दिया जाए।
यहां अगस्त क्रांति मैदान में 10 अक्टूबर को ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (कॉजपा) के एक प्रदर्शन के दौरान इमरान खान को कुछ देर के लिए हिरासत में लिया गया था। यह प्रदर्शन मुख्य निर्वाचन आयुक्त (ईसीआई) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर किया गया था, जिन पर मतदाता सूची के ‘विशेष गहन पुनरीक्षण’ (एसआईआर) में अनियमितताओं का आरोप है।
मुंबई उच्च न्यायालय में दायर अपनी याचिका में, इमरान खान ने दावा किया है कि मुंबई पुलिस द्वारा जारी किया गया नोटिस “गैर-कानूनी, मनमाना, अनुचित और कठोर” है।
गौरतलब है कि महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना, कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर हो रहे विरोध प्रदर्शनों में सक्रिय रूप से हिस्सा ले रही है। ठाकरे ने भी विरोध प्रदर्शनों से निपटने के सरकार के तरीके की आलोचना की है।
भाषा प्रशांत नेत्रपाल
नेत्रपाल