Breaking News

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के एक संदिग्ध को कोटा से हिरासत में लिया गया     |   हैदराबाद के पास सड़क हादसा, खड़ी लॉरी से टकराई RTC बस, 15 घायल     |   कनाडाई सैन्य अड्डे पर घास में लगी आग, 4 लोगों की मौत     |   तेल अवीव-वियना फ्लाइट को मिली बम से उड़ाने की धमकी, बुल्गारिया में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग     |   भारत छोड़ने के नोटिस को इमरान खान ने दी चुनौती, बॉम्बे हाई कोर्ट में सुनवाई आज     |  

बिहार निविदा घोटाला: उच्च न्यायालय को कुछ अधिकारियों को बचाने की कोशिश का संदेह

पटना, 18 अक्टूबर (भाषा) पटना उच्च न्यायालय ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और बिहार की विशेष सतर्कता इकाई (एसवीयू) से सवाल किया है कि उन्होंने करोड़ों रुपये के निविदा घोटाले से जुड़े कई वरिष्ठ अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की। अदालत ने टिप्पणी की कि ऐसा लगता है कि संबंधित अधिकारी “कुछ लोगों को बचाने और कुछ को फंसाने” की कोशिश कर रहे हैं।

न्यायमूर्ति सत्यव्रत वर्मा की एकल पीठ ने 15 अक्टूबर को पारित एक आदेश में कहा कि हिरासत में मौजूद याचिकाकर्ता, कथित धनशोधन मामले का मुख्य सरगना होने के बजाय, एक “मोहरा” मात्र लगता है, जबकि असली सूत्रधार “पर्दे के पीछे” हैं।

पीठ ने यह आदेश उस मामले की सुनवाई के दौरान पारित किया, जिसमें ठेकेदार रिशु श्री याचिकाकर्ता है और ईडी पटना जोन प्रतिवादी है।

इस साल जून में, एसवीयू ने करोड़ों रुपये के निविदा घोटाले की अपनी जांच के तहत, एक आईएएस अधिकारी समेत सात लोगों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया। ​​सरकारी निविदाओं में भ्रष्टाचार के आरोपों के बाद, ईडी ने इस मामले की जांच की।

जांच के दौरान कई अभियंताओं और अधिकारियों के नाम सामने आए। ईडी की जांच से मिली जानकारी और सबूतों के आधार पर, एसवीयू ने अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज करके जांच शुरू की।

अधिकारियों ने बताया कि रिशु श्री की कंपनी बिहार सरकार के विभिन्न विभागों - जैसे जल संसाधन, स्वास्थ्य, लोक स्वास्थ्य अभियांत्रिकी, शहरी विकास, शिक्षा, भवन निर्माण और ग्रामीण कार्य - के लिए ठेकेदार और उप-ठेकेदार के रूप में काम करती हैं। उन पर आरोप है कि उन्होंने निजी लाभ के लिए निविदा हासिल करने के वास्ते सरकारी अधिकारियों के साथ सांठगांठ कर रखी थी।

एसवीयू ने इस साल 27 मई को निविदा में हेराफेरी और धनशोधन के एक कथित मामले में ठेकेदार रिशु श्री को गिरफ्तार किया था। वह अभी न्यायिक हिरासत में है।

अधिकारियों ने बताया कि ईडी की छली रिपोर्ट में आरोप लगाया गया था कि रिशु ने सरकारी ठेके हासिल करने के बदले में दो आईएएस अधिकारियों और उनके परिवार के सदस्यों की विदेश यात्राओं तथा अन्य खर्च के लिए पैसे दिए थे।

मामले में अगली सुनवाई 27 नवंबर को होगी।

भाषा प्रशांत नेत्रपाल

नेत्रपाल