नयी दिल्ली, 18 अक्टूबर (भाषा) अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी ईशान शर्मा की पहली फिल्म 'कबूतर' में मुख्य भूमिका निभाएंगे।
एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, फिल्म का निर्माण एमडीसी फिल्मवर्क्स के निखिल चौधरी कर रहे हैं। यह फिल्म भारत, फ्रांस और नॉर्वे के सहयोग में बन रही है, जिसमें भारत की एमडीसी फिल्मवर्क्स, फ्रांस की हाइकू फिल्म्स और नॉर्वे की रेन फिल्म शामिल हैं। भारत से रोहित सक्सेना सह-निर्माता हैं।
सिद्दीकी इस फिल्म में ऐसे किरदार में नजर आएंगे, जिसके जरिए उनके अभिनय कौशल का एक नया पहलू सामने आएगा।
चौधरी ने सिद्दीकी को असाधारण अभिनय क्षमता वाला कलाकार बताया।
उन्होंने एक बयान में कहा, 'वह 'गैंग्स ऑफ वासेपुर' में खतरनाक और 'द लंचबॉक्स' में दिल को छू लेने वाले कोमल किरदार में नजर आए थे। वह उन चुनिंदा भारतीय अभिनेताओं में शामिल हैं, जिनकी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर वास्तविक पहचान है। उनकी फिल्में कई बार 'कान' फिल्म महोत्सव में प्रदर्शित की जा चुकी हैं और उन्हें अंतरराष्ट्रीय एमी पुरस्कार के लिए नामित भी किया गया है।'
भाषा शुभम सुभाष
सुभाष