Breaking News

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के एक संदिग्ध को कोटा से हिरासत में लिया गया     |   हैदराबाद के पास सड़क हादसा, खड़ी लॉरी से टकराई RTC बस, 15 घायल     |   कनाडाई सैन्य अड्डे पर घास में लगी आग, 4 लोगों की मौत     |   तेल अवीव-वियना फ्लाइट को मिली बम से उड़ाने की धमकी, बुल्गारिया में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग     |   भारत छोड़ने के नोटिस को इमरान खान ने दी चुनौती, बॉम्बे हाई कोर्ट में सुनवाई आज     |  

देश को अस्थिर करने वाली राजनीति से बचें, संविधान का सम्मान सर्वोपरि: इंद्रेश कुमार

लखनऊ, 18 अक्टूबर (भाषा) मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के मार्गदर्शक इंद्रेश कुमार ने कहा कि कॉक्रोच जनता पार्टी (कॉजपा) और विपक्षी दल राजनीतिक विरोध को ऐसे रास्ते पर ले जा रहे हैं, जिससे देश में अस्थिरता और अविश्वास का माहौल बन सकता है।

उन्होंने संविधान के सम्मान पर जोर देते हुए देश को अस्थिर करने वाली राजनीति से बचने का आह्वान किया।

रविवार को जारी एक बयान के अनुसार, लखनऊ में मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के कार्यकर्ता सम्मेलन में राहुल गांधी, विपक्ष और कॉजपा की राजनीति पर सवाल उठाए गए।

सम्मेलन में कहा गया कि भारत की एकता, अखंडता और संवैधानिक व्यवस्था को कमजोर करने की किसी भी कोशिश को स्वीकार नहीं किया जा सकता।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य और मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के मार्गदर्शक इंद्रेश कुमार ने सवाल उठाया कि क्या सत्ता हासिल करने की राजनीतिक महत्वाकांक्षा देश की स्थिरता और राष्ट्रीय हितों से ऊपर हो सकती है?

उन्होंने कहा कि भारत को टकराव और अराजकता नहीं, बल्कि जिम्मेदार नेतृत्व, सामाजिक सद्भाव और राष्ट्र निर्माण की जरूरत है।

सम्मेलन में चुनावी व्यवस्था और संवैधानिक संस्थाओं के प्रति अविश्वास फैलाने के बजाय लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं और संवैधानिक मर्यादाओं का सम्मान करने पर जोर दिया गया।

साथ ही, कार्यकर्ताओं से समाज में प्रेम, भाईचारे, देशभक्ति और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश पहुंचाने का आह्वान किया गया।

मंच के राष्ट्रीय संयोजक मोहम्मद अफजल ने कहा कि सम्मेलन का उद्देश्य समाज को जोड़ने वाले जिम्मेदार कार्यकर्ता तैयार करना है।

मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के नेता सैयद रजा हुसैन रिजवी ने धार्मिक स्वतंत्रता और सभी धर्मों के सम्मान की बात कही।

मंच के वरिष्ठ पदाधिकारी गिरीश जुयाल ने कहा कि संगठन पिछले 25 वर्षों से शिक्षा, भाईचारे और देशभक्ति के लिए काम कर रहा है।

बयान के अनुसार, मंच उत्तर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में जागरूकता के 10 कार्यक्रम आयोजित करेगा, इनमें राष्ट्रवाद, शिक्षा, सामाजिक सद्भाव और राष्ट्रीय एकता जैसे विषयों पर लोगों को जागरूक किया जाएगा।

भाषा आनन्द जितेंद्र

जितेंद्र